{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान

 

RNE Network.

पश्चिमी बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान कल होगा। इस चरण के मतदान के लिए कल शाम को बंगाल में चुनाव प्रचार का शोर थम गया। अंतिम दिन प्रचार में सभी दलों ने पूरी ताकत झोंकी। अब प्रत्याशी घर घर जाकर वोट मांगने में लगे हुए है।
 

बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में कल 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर वोट पड़े थे। यहां मुख्य मुकाबला टीएमसी व भाजपा के बीच है। मगर कांग्रेस ने सभी सीटों पर चुनाव लड़कर सारे समीकरण बिगाड़ दिए है। ठीक इसी तरह सीपीएम, ओवैसी व हुमायूं कबीर भी चुनावी गणित को प्रभावित कर रहे है। अब किसका कितना असर रहा, यह तो 4 मई को परिणाम आने पर ही पता चलेगा।
 

भाजपा ने इस बार बंगाल चुनाव में धुंआधार प्रचार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 रैलियों में भागीदारी कर वोटर्स से वादे किए और गारंटी दी। अमित शाह तो यहां पूरे चुनाव में ही डेरा डाले रहे। भाजपा ने केंद्रीय मंत्रियों के अलावा यूपी, असम, राजस्थान आदि के मुख्यमंत्रियों को चुनाव में उतारा।
वहीं दूसरी तरफ टीएमसी का प्रचार पूरी तरह से ममता दीदी पर केंद्रित रहा। उनके अलावा उनके भतीजे व सांसद अभिषेक बनर्जी, सयानी घोष व सभी सांसद प्रचार में उतरे हुए थे। ममता दीदी के समर्थन में प्रचार करने अरविंद केजरीवाल, तेजस्वी यादव भी पहुंचे। सपा नेता भी प्रचार के लिए आये। ममता दीदी ने रोड शो में कुल 6 किमी की पदयात्रा की। बाइक पर भी ममता बनर्जी ने प्रचार किया।

 

कांग्रेस ने भी इस बार अपने बूते पर चुनाव लड़ा। कांग्रेस की गम्भीरता को इससे समझा जा सकता है कि उन्होंने नेता अधीर रंजन चौधरी को भी विधानसभा चुनाव लड़ाया है। कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी, इमरान प्रतापगढ़ी, सचिन पायलट ने सभाएं की। अशोक गहलोत ने भी कोलकाता में पीसी की।