शिविर में जिलाध्यक्षों से फीडबैक भी लिया रंधावा ने, सोमवार को जिलाध्यक्ष फील्ड विजिट करेंगे
RNE Special.
पुष्कर के निकट तिलोरा पोखरियो की ढाणी स्थित एक रिसोर्ट पर राजस्थान व दिल्ली के कांग्रेस नेताओं के साथ साथ भाजपा के नेताओं की भी निगाहें टिकी हुई है। क्योंकि कल शनिवार से इस रिसोर्ट में राजस्थान व दिल्ली कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जुटे हुए है।
इनके अलावा दोनों राज्यों के वरिष्ठ नेता भी यहीं डेरा डाले हुए है। ये लोग 10 दिन तक इस रिसोर्ट में रहेंगे और संगठन को लेकर गंभीर मंथन करेंगे। बूथ प्रबंधन पर नई नीति बनाएंगे। संगठनात्मक ढांचे पर भी चर्चा करेंगे।
इस 10 दिवसीय आवासीय शिविर की पूरी देखरेख व प्रबंधन राजस्थान के कांग्रेस प्रभार सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली कर रहे है। स्थानीय व्यवस्था का जिम्मा शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल व उनके पदाधिकारियों के पास ही है।
कल था पहला दिन:
कल प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली ने जिलाध्यक्षो से बूथ स्तर व संगठन से जुड़े फीडबैक लिए। बैठक में राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर कांग्रेस की रणनीति , कार्यकर्ताओं की भूमिका और संगठन विस्तार पर चर्चा हुई।
वेणुगोपाल, गहलोत, पायलट भी शामिल होंगे:
कांग्रेस के इस 10 दिवसीय आवासीय शिविर में कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी भी शामिल होंगे।
राहुल 31 या 1 को आएंगे:
कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी इस शिविर में 31 मई या 1 जून को आने की संभावना है। राहुल जिलाध्यक्षों के साथ सीधे संवाद करेंगे।
राहुल संगठन में जिलाध्यक्ष की कड़ी को सबसे मजबुत बनाना चाहते है। टिकट चयन में भी इनकी भूमिका रखना चाहते है। प्रदेश की गुटबाजी पर भी इनसे ही निष्पक्ष फीडबैक चाहते है। इस वजह से ही इस तरह के शिविरों से वे जिलाध्यक्षों से सीधे संवाद कर रहे है।
कल जिलाध्यक्ष क्षेत्रों का विजिट करेंगे:
10 दिवसीय आवासीय शिविर में भागीदारी कर रहे राजस्थान व दिल्ली के जिलाध्यक्ष कल सोमवार को विभिन्न क्षेत्रोंन का फील्ड विजिट करेंगे।