{"vars":{"id": "127470:4976"}}

रणजीतपुरा हत्याकांड: एमएलए डूंगरराम गेदर, टीकाराम जूली ने मुद्दा उठाया, नारे गूंजे- जवाब दो सरकार!

एमएलए अंशुमानसिंह गृहमंत्री से मिले, सीएम से भी करेंगे बात
 
 

RNE Jaipur-Bikaner (Bajju)
 

बीकानेर जिले के पाक सीमा से सटते रणजीतपुरा थाना इलाके में स्कूल जा रही 12 वर्षीय छात्रा के साथ दरिंदगी कर हत्या कर देने के तीन दिन बाद भी हत्यारे गिरफ्तार नहीं होने का मुद्दा सोमवार को विधानसभा मंे गूंजा। इस मुद्दे पर बज्जू मोर्चरी के आगे धरना चल रहा है और पूर्वमंत्री भंवरसिंह भाटी सहित कांग्रेस नेता और स्थानीय हजारों लोग  गुनहगार को गिरफ्तार करने की मांग लेकर धरने पर बैठे हैं। मृतका का शव अभी नहीं उठाया गया है। ऐसे में सोमवार को राजस्थान विधानसभा में यह मुद्दा उठा और इस पर जमकर हंगामा हुआ। इस बीच कोलायत विधयक अंशुमानसिंह भाटी ने विधानसभा परिसर मंे गृहमंत्री जवाहसिंह बेढ़म से मुलाकात कर पूरा मसला बताया। जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करने और कड़ कार्रवाई करने की बात कही। अंशुमानसिंह इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री भजनलाल से भी मिलेंगे।

विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :

गेदर ने मुद्दा उठाया, जूली गरजे, नारे गूंजे: 

सूरतगढ़ के विधायक डूंगराम गेदर ने शून्यकाल मंे यह मसला उठाया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस पर सरकार की ओर से जवाब मांगा और जब जवाब नहीं आया तो हंगामा हो गया। नारे लगने लगे ‘जवाब दो-जवाब दो।’ विधायक डूंगरराम गेदर ने कहा, कोलायत विधानसभा क्षेत्र के रणजीतपुरा गांव मंे 8वीं की छात्रा बोर्ड परीक्षा देने सुबह 11ः30 बजे घर से निकली। बीच रास्ते दरिंदों ने सेन समाज की छात्रा को भेड़ियों की तरह नोंचा और उसकी हत्या कर दी। इस गांव में स्कूल के पास पुलिस थाना है। पुलिस थाना से महज 200 मीटर दूरी की ये घटना है। यहां शराब का ठेका है।  यह सीमावर्ती इलाका नशे के व्यापार की चपेट में है।


 

कलेक्टर मौके पर ही नहीं गई: 
 

मोर्चरी के बाहर पूर्वमंत्री भंवरसिंह भाटी और महेन्द्र गहलोत के साथ हजारों लोग धरने पर बैठे हैं। अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। कानून व्यवस्था खतरे में हैं। यह बॉर्डर का गांव है। सीआईडी, आईबी सबकी मौजूदगी रहती है। कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल है। यह घटना प्रधानमंत्री की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारे को जुमला साबित करने का काम कर रही है। बीकानेर की कलेक्टर मौके पर ही नहीं गई है। सरकार के गृहमंत्री अभी जवाब दें ताकि तीन दिन से धरने पर बैठे हजारों लोगों को और उस नाबालिग बच्ची को न्याय मिल सके।

जूली ने अध्यक्ष देवनानी से कहा, व्यवस्था दो-सरकार जवाब दें:

गेदर ने सरकार ने जवाब मांगा लेकिन जवाब नहीं आया तो नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने हस्तक्षेप किया। जूली विधानसभाध्यक्ष देवनानी से मुखातिब होकर बोले, तीन दिन से लोग धरने पर बैठे हैं। गंभीर मसला है। आप व्यवस्था दें कि सरकार इस मसले पर जवाब दें। छोटी बच्ची का मर्डर हुआ है। कोई तो जवाब दे। सरकार से जवाब तो दिलवाओ। सरकार आने के बाद 11 हजार महिलाओं से बलात्कार हो गया। हर दिन 15 बलात्कार हो रहे हैं। सरकार जवाब दें। स्थिति स्पष्ट करें। इस पर जवाब नहीं आया तो कांग्रेस के विधायक खड़े हो गये। नारे लगाने लगे ‘जवाब दो-जवाब दो।’


इस पर जवाब नहीं आया तो विधानसभा में हंगामा हो गया। हंगामे के बीच मंत्री थावरचंद गहलोत कहते सुने गये ‘इन्हें सिर्फ हंगामा करना है।’

अंशुमान ने गृहमंत्री से कहा-झकझोरती है ये घटना, कार्रवाई करो : 

कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से मुलाकात कर कहा, यह घटना न केवल बेहद दुखद है बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। किसी भी मासूम बेटी के साथ इस प्रकार की जघन्य घटना सभ्य समाज के लिए अस्वीकार्य है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इस पर गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधायक भाटी को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस संवेदनशील मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और जांच पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता से करवाई जा रही है। दोषियों को हर हाल में कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा। विधायक भाटी ने बताया कि वे आज ही इस मामले को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात करेंगे।