{"vars":{"id": "127470:4976"}}

309 नगरीय निकायों में आरक्षण लॉटरी आज, राजनीतिक समीकरण होंगे साफ

 

RNE Special.

नगरीय निकाय प्रमुखों के पदों की आरक्षण लॉटरी आज गुरुवार को राजनीतिक दलों और चुनावी दावेदारों के लिए खास होगी। इस आरक्षण के अनुसार ही दल अपनी राजनीतिक रणनीति बनाएंगे।
 

309 नगरीय निकायों के महापौर, सभापति और अध्यक्ष पदों के आरक्षण के बाद राजनीतिक समीकरण बनेंगे और तस्वीर साफ होगी। स्वायत्त शासन विभाग के सभागार में सुबह 10.30 बजे से लॉटरी प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें 10 नगर निगमों के महापौर, 51 नगर परिषदों के सभापति और 248 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पदों का वर्ग वार आरक्षण तय किया जायेगा। 
 

309 पदों की लॉटरी में एससी के लिए 50, एसटी के लिए 11 और ओबीसी के लिए 60 पद आरक्षित हो सकते हैं। महिला आरक्षण का आंकड़ा 33 प्रतिशत है। 
 

जिला प्रमुख पद के लिए आरक्षण लॉटरी आज गुरुवार को पंचायती राज संस्थान में दोपहर 3.15 बजे निकाली जायेगी। राज्य में 41 जिला परिषद है। सभी के चुनाव एक साथ होंगे। सदस्यों के आरक्षण के लिए 17 अगस्त को जिला स्तर पर लॉटरी प्रस्तावित है।

आरक्षण की लॉटरी ऑफलाइन:

 

आरक्षण लॉटरी ऑफलाइन निकाली जायेगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। कुछ राजनीतिक दलों ने ऑनलाइन लॉटरी की स्थिति में पारदर्शिता को लेकर आशंका जताई थी। इसके बाद विभाग ने ऑफलाइन प्रक्रिया अपनाने का निर्णय लिया। प्रक्रिया में लगभग 5 से 6 घन्टे लगने की संभावना है।