{"vars":{"id": "127470:4976"}}

RSS : अखिल भारतीय समन्वय बैठक में संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की विस्तृत चर्चा

 

RNE JODHPUR 

जोधपुर में चल रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक के पहले और दूसरे दिन, संघ शताब्दी वर्ष (विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026) के विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई l

रामदेवरा में नेत्र कुंभ:
विविध संगठनों ने अपने कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर जानकारी दी। प्रमुख रूप से *सक्षम* (समदृष्टि, क्षमताविकास एवं अनुसन्धान मण्डल) द्वारा रामदेवरा में 1 अगस्त से 2 सितंबर तक, सामाजिक समरसता सहित श्रद्धा के केंद्र लोक देवता बाबा रामदेव के मेला अवधि में संपन्न हुए नेत्र कुंभ की जानकारी दी गई।
इस 33 दिनों की अवधि में नेत्र कुंभ, रामदेवरा में 1,00,797 लाभार्थियों के नेत्र जांच करके 85,337 को चश्मा वितरण किया गया साथ ही 6,234 रोगियों को नेत्र ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया। जिनका शीघ्र ही ऑपरेशन करवाया जाएगा। 
 इस प्रकार सीमा क्षेत्र में सक्षम का यह अनूठा प्रयोग प्रथम बार हुआ। स्थानीय लोगों सहित बाबा रामदेव मेले में देशभर से आने वाले भक्तों के मध्य इसका उत्कृष्ट प्रतिसाद रहा।
 सहकारिता के भाव को समाज में सुदृढ़ कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने हेतु दुग्ध संघ विषयक चर्चा हुई। साथ ही, *विश्व हिंदू परिषद* द्वारा समाज में व्याप्त नशा एवं उसके दुष्प्रभावों के उन्मूलन हेतु जनजागरण अभियान तथा *भारत विकास परिषद* द्वारा किए जा रहे एनीमिया मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी गई।
महिला समन्वय द्वारा समाज जीवन में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने हेतु विविध गतिविधियाँ एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। *भारतीय किसान संघ* द्वारा जैविक खेती को प्रोत्साहित करने और रासायनिक कृषि से हटकर जैविक पद्धति अपनाने हेतु कृषक वर्ग को प्रेरित करने की योजनाओं पर चर्चा हुई।
 
स्वदेशी जागरण मंच द्वारा स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं समृद्धि की दिशा में जनजागरण के कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की गई।
इस बीच, समन्वय बैठक स्थल पर दोपहर और सायंकाल भोजन वितरण की व्यवस्था नगर के शाखा कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों द्वारा की जा रही है। परिसर की सुंदरता एवं सज्जा में रंगोली, पौधों की सजावट, संस्कृति एवं पर्यावरण दृष्टि से भोजन पात्र और जलपान व्यवस्था में धातु पात्र का ही उपयोग किया गया है।