TMC के बर्खास्त प्रवक्ता रिजु दत्ता ने IPS अजयपाल शर्मा से बिना शर्त माफी मांगी
RNE Kolkata.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की हार के बाद पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता रिजु दत्ता ने प्रयागराज के एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगी है। रिजु दत्ता ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वीडियो जारी कर कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने जो बयान दिए थे, वे पार्टी की आधिकारिक लाइन के तहत दिए गए थे और उनका कोई व्यक्तिगत उद्देश्य नहीं था।
वीडियो देखने के लिए नीचे फोटो पर क्लिक करें 👇👇👇
वीडियो संदेश में रिजु दत्ता ने कहा कि वह उस समय तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में पार्टी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवादित टिप्पणियां व्यक्तिगत हमला नहीं थीं, बल्कि राजनीतिक माहौल और चुनावी परिस्थितियों में पार्टी का पक्ष रखने का प्रयास था।
उन्होंने कहा, “मैं इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहता। डॉ. अजय पाल शर्मा से मेरा कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है। वरिष्ठ भाजपा नेताओं और कानूनी सलाहकारों की सलाह पर मैं बिना शर्त माफी मांगता हूं।”
रिजु दत्ता का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई लोग इसे चुनावी हार के बाद बदले राजनीतिक माहौल से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे विवाद समाप्त करने की पहल मान रहे हैं।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक दलों के बीच तीखी बयानबाजी हुई थी। उसी दौरान रिजु दत्ता के कुछ बयानों को लेकर भी विवाद खड़ा हुआ था, जिसे लेकर सोशल मीडिया और टीवी डिबेट्स में लंबे समय तक चर्चा चली।
चूंकि डॉ. अजय पाल शर्मा वर्तमान में प्रयागराज कमिश्नरेट में एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर के पद पर तैनात हैं, इसलिए यह घटनाक्रम प्रयागराज में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।