{"vars":{"id": "127470:4976"}}

बजट सत्र का दूसरा चरण कल 9 मार्च से, लोकसभा अध्यक्ष को हटाने का प्रस्ताव पहले दिन आयेगा

 

RNE Network.

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण अवकाश के बाद कल सोमवार 9 मार्च से फिर शुरू होगा। लोकसभा व राज्यसभा की बैठकें आरम्भ होगी।
 

संसद के बजट सत्र का यह दूसरा चरण काफी महत्त्वपूर्ण है। पहले चरण में खूब हंगामा हुआ था। महामहिम राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई बहस का जवाब भी प्रधानमंत्री नहीं दे सके थे। जवाब के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित हुआ। विपक्षी दलों ने एक होकर लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
 

अब सोमवार से बजट सत्र का दूसरा चरण आरम्भ हो रहा है। पहले दिन ही विपक्ष लोकसभा स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव लायेगा। इस बात को देखते हुए ही भाजपा और कांग्रेस ने अपने लोकसभा सदस्यों के लिए व्हिप जारी किया है ताकि सभी सदस्य उपस्थित रहें
 

टीएमसी ने रुख बदल लिया:
 

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष की तरफ से लाये जाने वाले प्रस्ताव पर पहले टीएमसी का रुख अलग था। मगर कल टीएमसी ने बयान देकर स्पष्ट किया है कि उसके सदस्य इस प्रस्ताव में विपक्ष के साथ रहेंगे और बिरला के खिलाफ वोट करेंगे। मतदाता सूची को लेकर ममता बनर्जी बंगाल में धरना देकर आंदोलन कर रही है। उसके चलते ही टीएमसी ने लोकसभा स्पीकर को हटाने के प्रस्ताव के साथ रहने का निर्णय किया है।
 

बिरला बैठेंगे सांसद की तरह:
 

विपक्ष की ओर से लाए जाने वाले प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान ओम बिरला अध्यक्षीय आसन पर नहीं, बल्कि सदन में अन्य सांसदों की तरह मौजूद रहकर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का जवाब भी दे सकेंगे। सदन को अध्यक्ष बिरला नहीं पैनल के सदस्य चलाएंगे। 
 

ये रखेंगे प्रस्ताव:
 

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाने का प्रस्ताव विपक्ष की ओर से सोमवार को सांसद मोहम्मद जावेद, के सुरेश और डॉ मल्लू रवि पेश करेंगे।