शिवसेना उद्धव में बड़ी टूट के संकेत, 6 सांसद संसदीय दल की बैठक से रहे गायब
RNE Network.
शिव सेना उद्धव ठाकरे में दूसरी बड़ी टूट होना अब लगभग तय है। शिव सेना उद्धव की गुरुवार को संविधान सदन में बुलाई गई संसदीय दल की बैठक में व्हिप के बावजूद 6 लोकसभा सदस्य शामिल ही नहीं हुए।
इन सांसदों के महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे वाली शिव सेना शामिल होने की अटकलों के बीच इस बैठक को अहम संकेत माना जा रहा था। बागी सांसद एक - दो दिन में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर अलग गुट बनाने या शिव सेना शिंदे में शामिल होने का पत्र सौंप सकते हैं।
बैठक में राज्यसभा सांसद संजय राउत के अलावा लोकसभा के 3 सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजाभाऊ वाजे ही पहुंचे। 6 सांसदों के नही आने पर पार्टी प्रवक्ता राउत ने उन्हें गद्दार करार दिया। राउत ने कहा कि गैर हाजिर सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी होगा, जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर सदस्यता समाप्ति के लिए कार्यवाई होगी।
4 सांसद राजस्थान के रिसोर्ट में !
शिव सेना उद्धव के 4 सांसदों के राजस्थान के मकराना स्थित एक रिसोर्ट में ठहरने की खबर भी सामने आयी है। यह दावा शिव सेना के प्रवक्ता संजय राउत ने किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को शिव सेना उद्धव के 4 सांसद मकराना स्थित आरके मार्बल फैक्ट्री में बने एक रिसोर्ट में पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि ये सांसद कुछ समय वहां रुके फिर रवाना हो गए। उनके अचानक आगमन और प्रस्थान ने राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को जन्म दे दिया है।
वहीं आरके मार्बल फैक्ट्री के संचालक और बीजेपी के पूर्व विधायक राकेश मेघवाल ने इस बात की पुष्टि की है कि कुछ सांसद उनके परिसर में पहुंचे थे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसद यहां किसी राजनीतिक गतिविधि के लिए नहीं, बल्कि मार्बल खरीद से जुड़ी जानकारी लेने आये थे।