{"vars":{"id": "127470:4976"}}

सोनम वांगचुक के अनशन का 13वां दिन, 7.5 किलो वजन घटा, स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता

 

RNE Network.

कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली के जंतर मंतर पर आंदोलन लगातार जारी है। इस आंदोलन के समर्थन में आमरण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन भी लगातार 13 वें दिन कल जारी रहा।
 

सोनम वांगचुक ने कल कहा कि अगर उन्हें जबरन हटाया जाता है तो यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के अधिकार का उल्लंघन होगा। उन्होंने कहा कि शुरुआती दिनों में शरीर को उपवास के अनुरूप ढलने में कठिनाई होती है, लेकिन अब भूख स्थिर हो गयी है। मेरी हड्डियां अब दिखने लगी है। लेकिन मैं अब भी अपने को ऊर्जावान महसूस कर रहा हूं। उन्होंने आरोप लगाया कि मई में नीट - यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद कथित तौर पर 20 छात्रों ने आत्महत्या की।
 

उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि अगले साल यह संख्या 40 या 80 हो जाये। वांगचुक ने कहा कि मानसून सत्र से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाता है तो युवाओं का भरोसा फिर से जीता जा सकता है।

वजन 7 .5 किलो घट गया:

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका के अनुसार अनशन शुरू होने के बाद से वांगचुक का वजन 7.5 किलोग्राम कम हो चुका है और ब्लड शुगर लगातार सामान्य से नीचे बना हुआ है। उन्होंने कहा कि हर गुजरते दिन के साथ उनकी ऊर्जा घट रही है।