जेएमएम के एनडीए में जाने की अटकलें खत्म, जेएमएम के भाजपा से जुड़ने के कयासों को खारिज किया
RNE Network.
पिछले काफी दिनों से झारखंड मुक्ति मोर्चा ( जेएमएम ) के एनडीए में जाने और भाजपा से जुड़ने की खबरें चर्चा में थी। इस तरह की बातें हो रही थी कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से बात भी हो गयी है। कभी भी हेमंत सोरेन भाजपा के साथ जा सकते है। झारखंड के भाजपमय होने की खबरें चल रही थी।
झारखंड में वर्तमान में हेमंत सोरेन इंडिया गठबन्धन की सरकार चला रहे है। उनकी सरकार में कांग्रेस , आरजेडी व वाम दल साथ है। ये सभी दल मिलकर विधानसभा चुनाव भी लड़े थे और बहुमत पाया था। इस कारण सोरेन के भाजपा से जुड़ने की खबर से सभी अचंभित थे।
कल झारखंड से जेएमएम सांसद महुआ मांझी ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने ही सीएम हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था। जेएमएम को भाजपा ने ही तोड़ा। ऐसे में उनके साथ जाना संभव नहीं। महुआ मांझी का कहना था कि पार्टी में भाजपा से जुड़ने की बात पर कोई चर्चा ही नहीं हो रही।