सुप्रिया सुले ने कहा कि कांग्रेस में विलय की बात पर अभी क्या कहूं
RNE Network.
' अभी बारिश आयेगी, तब तय करूंगी ना कि मैं छाता लुंगी या रेन कोट '। एनसीपी - शरद पवार की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद सुप्रिया सुले ने यह बयान मीडिया में दिया है। उनसे जब एनसीपी - शरद के कांग्रेस में विलय की खबरों के बारे में पूछा गया तब उन्होंने यह जवाब दिया।
सुप्रिया सुले को पत्रकारों ने शिव सेना - उद्धव के सांसद संजय राउत के उस बयान के बारे में पूछा जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस से अलग होकर जितने भी लोगों ने दल बनाये हैं उनको वापस कांग्रेस में मिल जाना चाहिए, उस पर क्या कहना है। जवाब में सुप्रिया सुले ने कहा कि संजय राउत जी मेरे बड़े भाई है और मैं उनका बहुत सम्मान करती हूं। उन्होंने कुछ कहा है तो मेरे हित में ही कहा होगा। जब समय आएगा तब इस सवाल का जवाब आपको मिल जायेगा।
हम ममता दीदी के साथ खड़े हैं:
एनसीपी शरद की नेता सुप्रिया सुले ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हम ममता दीदी के साथ खड़े हैं। ममता दीदी जुझारू नेता हैं और देश की बड़ी नेता हैं। भाजपा उनकी टीएमसी को तोड़ने में लगी है। भाजपा का यही काम है। पहले शिव सेना को तोड़ा। फिर एनसीपी को तोड़ा। अब टीएमसी को तोड़ने में लगी है। हम दीदी के साथ ही है, कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगे।
जब उनसे तृणमूल व कांग्रेस के विलय के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सोनिया जी व ममता दीदी की अकेले में मुलाकात हुई। तीसरा कोई था ही नहीं। इन दोनों ने मुझे कुछ बताया नहीं तो मैं क्या कहूँ इस बारे में।