सिद्धारमैया व डी के ने नाश्ता किया, निर्णय आलाकमान पर छोड़ा, नाश्ता बैठक के बाद सीएम सिद्धारमैया ने मतभेद से इंकार किया
RNE Network.
कर्नाटक में नेतृत्त्व परिवर्तन को लेकर सियासत गरमाई हुई है। सीएम सिद्धारमैया व डिप्टी सीएम डी के शिवकुमार के बीच संघर्ष चल रहा है। जब ये संघर्ष कांग्रेस आलाकमान तक पहुंचा तो राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नाश्ता बैठकों के लिए कहा। जिनमें दोनों नेताओं को आपस में बात करने को कहा।
इस प्रक्रिया में पहले सीएम सिद्धारमैया ने अपने यहां डिप्टी सीएम शिवकुमार को नाश्ते पर बुलाया। कल शिवकुमार ने सिद्धारमैया को अपने निवास नाश्ते पर बुलाया। बैठक के बाद सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि हम दोनों के बीच कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों मिलकर सरकार चला रहे है और भविष्य में भी ऐसा करते रहेंगे।
जब सिद्धारमैया से ये पूछा गया कि क्या शिवकुमार मुख्यमंत्री बनेंगे? उन्होंने जवाब दिया कि पार्टी हाईकमान फैसला करेगा तो शिवकुमार सीएम बनेंगे। डिप्टी सीएम के घर हुई इस नाश्ता बैठक में शिवकुमार के भाई व पूर्व सांसद डी के सुरेश व विधायक एच डी रंगनाथ मौजूद थे।
वीडियो वायरल हो गया:
इस बैठक के बाद शाम को सीएम सिद्धारमैया का पार्टी विधायक बी गोपाल कृष्ण के साथ अनोपचारिक बातचीत का एक वीडियो वायरल हो गया जिससे राजनीतिक अटकलों का बाजार गर्म हो गया। इस वीडियो में सीएम कह रहे है कि जो होना है, होने दो। क्या राजनीति मेरे पिता की जागीर है ? राजनीति स्थायी नहीं है।