दशकों बाद ठाकरे परिवार में राजनीतिक एकता, उद्धव व राज ठाकरे मिलकर स्थानीय निकाय चुनाव लड़ेंगे
RNE Network.
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा बदलाव आया है। भाषा आंदोलन के चलते वर्षों की दूरी मिटाकर एक साथ आये उद्दव ठाकरे व राज ठाकरे ने अब आने वाले स्थानीय निकाय के चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। इस निर्णय से निकाय चुनावों में बड़ा उलटफेर होना अब तय हो गया है।
महाराष्ट्र में महा अघाड़ी गठबन्धन ने मिलकर लोकसभा व विधानसभा का चुनाव लड़ा था। लोकसभा में अच्छी सफलता मिली पर विधानसभा में करारी हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद से ही गठबन्धन में दूरियां होनी शुरू हो गई थी। निकाय चुनाव की आहट होते ही सबने अलग अलग लड़ने की बातें करनी शुरू कर दी।
भाषा के मुद्दे पर एक दूसरे के धुर विरोधी रहे भाई उद्धव व राज ठाकरे नजदीक आये। अब दोनों ने निकाय चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है। शिव सेना नेता संजय राउत ने कहा कि यह एकता दशकों बाद ठाकरे परिवार को राजनीतिक रूप से जोड़ देगी।