महाराष्ट्र चुनाव में धांधली को लेकर राहुल व फडणवीस में जुबानी जंग
RNE Network.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी व भाजपा सीएम देवेंद्र फडणवीस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। राहुल लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे है। जिनका जवाब चुनाव आयोग की बजाय महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दे रहे है।
वोटों की चोरी हुई : राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कल फिर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यहां हुई धांधली तकनीकी गड़बड़ी नहीं बल्कि वोटों की चोरी है। उन्होंने सीएम फडणवीस की नागपुर साउथ वेस्ट सीट पर 5 महीने में 29219 ( 8 % वोट बढ़े ) नये वोटर जुड़ने को लेकर सवाल उठाए।
राहुल ने आरोप लगाया कि कुछ बूथों पर मतदाताओं की संख्या में 20- 50 % तक का उछाल देखा गया है और कई अज्ञात लोगों ने मतदान किया। राहुल ने कहा कि सच उजागर होने के बाद भी निर्वाचन आयोग चुप है। इसलिए मशीन - रिडेबल डिजिटल वोटर रोल और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की माग करते है।
झूठ बोले कौआ काटे : फडणवीस
राहुल पर पलटवार करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि वोटर लिस्ट में बढ़ोतरी सिर्फ उनकी सीट तक सीमित नहीं थी, बल्कि महाराष्ट्र की 25 से ज्यादा सीटों पर 8 % से ज्यादा वोटर जुड़े। इनमें कई सीटों पर कांग्रेस और पंवार गुट के उम्मीदवार जीते। उन्होंने कहा, झूठ बोले कौआ काटे।