West Bengal Election : हुमायूं कबीर के साथ TMC कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की, हर बूथ पर नजर; हिंसा की खबर पर चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
RNE Kolkata.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को जारी है। राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल कोलकाता स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से पूरे चुनाव पर नजर बनाए हुए हैं। इस अत्याधुनिक नियंत्रण कक्ष के जरिए वेब कास्टिंग और मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से संवेदनशील बूथों सहित हर गतिविधि की रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि तकनीक के उपयोग से चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित और सुचारु बनाया जा रहा है।
इसी बीच मुर्शिदाबाद जिले से मतदान के दौरान झड़प की खबर सामने आई है, जिससे सियासी माहौल गरमा गया है। जानकारी के अनुसार तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान हुमायूं कबीर के साथ बदसलूकी की भी बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष आमने-सामने नजर आ रहे हैं।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया। मुर्शिदाबाद के एएसपी माजिद खान ने बताया कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं और क्षेत्र में शांति बनी हुई है। वहीं, इस घटना को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
मतदान के बीच छिटपुट घटनाओं के बावजूद प्रशासन का दावा है कि अधिकांश जगहों पर वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।