{"vars":{"id": "127470:4976"}}

West Bengal News : 45 दिनों में BSF को मिलेगी जमीन, बॉर्डर फेंसिंग तेज

 
RNE Kolkata.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़ा फैसला लेते हुए भारत-बांग्लादेश सीमा पर फेंसिंग कार्य को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने सीमा से जुड़े लंबित भूमि हस्तांतरण मामलों को निपटाने के लिए 45 दिनों की समयसीमा तय की है। इसके तहत आवश्यक जमीन गृह मंत्रालय (MHA) को सौंपी जाएगी, जिसके बाद सीमा सुरक्षा बल (BSF) फेंसिंग का कार्य तेज करेगा।
सरकार का कहना है कि सीमा क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ, तस्करी और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए यह कदम जरूरी हो गया था। लंबे समय से भूमि अधिग्रहण और स्थानीय विवादों के कारण कई इलाकों में फेंसिंग कार्य अटका हुआ था। अब प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी बाधाओं को जल्द हटाकर प्रक्रिया पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि राज्य में अवैध रूप से प्रवेश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
दरअसल बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने से राज्य और केंद्र के बीच समन्वय बढ़ने की पूरी संभावना है। ऐसे में सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी आई है। BSF अधिकारियों का मानना है कि फेंसिंग पूरी होने से घुसपैठ और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।