West Bengal : शुभेंदु सरकार का ऐतिहासिक फैसला, राज्यभर की महिलाओं को मिलेगी नि:शुल्क यात्रा सुविधा
पहचान पत्र दिखाते ही मिलेगा जीरो वैल्यू टिकट, शहरी से लेकर लंबी दूरी की बसों में लागू योजना
RNE Kolkata.
पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य की सभी महिला यात्रियों के लिए सरकारी बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा सोमवार से लागू कर दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत महिलाएं अब राज्य परिवहन निगम की शहरी, उपनगरीय और लंबी दूरी की सरकारी बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। सरकार का मानना है कि इस निर्णय से महिलाओं की आर्थिक बचत होगी, उनकी आवाजाही आसान बनेगी और शिक्षा, रोजगार तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
पहचान पत्र दिखाते ही मिलेगा फ्री टिकट :
नई व्यवस्था के अनुसार बस में यात्रा के दौरान महिला यात्रियों को कंडक्टर के समक्ष अपना पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। सत्यापन के बाद उन्हें ‘जीरो वैल्यू टिकट’ जारी किया जाएगा, जो यात्रा का वैध प्रमाण होगा। इसके जरिए महिलाएं बिना किसी शुल्क के अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी महिला के पास किसी दिन पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तब भी उसे यात्रा से वंचित नहीं किया जाएगा। उसे उस दिन मुफ्त टिकट जारी किया जाएगा और भविष्य में पहचान पत्र साथ रखने की सलाह दी जाएगी।
हर महिला को अलग टिकट अनिवार्य :
परिवहन विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रत्येक महिला यात्री को अलग-अलग टिकट जारी किया जाएगा। समूह टिकट की अनुमति नहीं होगी। टिकट पर यात्रा से संबंधित सभी आवश्यक विवरण दर्ज किए जाएंगे, ताकि व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे। लंबी दूरी की आरक्षित बस सेवाओं में बुकिंग के समय दिए गए पहचान पत्र नंबर का मिलान भी किया जाएगा।
महिलाओं के सम्मान पर विशेष जोर :
सरकार ने परिवहन कर्मियों को महिला यात्रियों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि योजना का लाभ केवल राज्य की वास्तविक महिला निवासियों तक ही पहुंचे और किसी भी प्रकार की फर्जीवाड़े की संभावना को रोका जाए।
खास बातें :
* आज से महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा शुरू।
* शहरी, उपनगरीय और लंबी दूरी की सभी सरकारी बसों में लागू।
* पहचान पत्र दिखाने पर मिलेगा जीरो वैल्यू टिकट।
* पहचान पत्र न होने पर भी यात्रा से नहीं किया जाएगा वंचित।
* प्रत्येक महिला को अलग टिकट जारी करना होगा।
* महिला यात्रियों के सम्मानजनक व्यवहार के निर्देश।