West Bengal : सुवेन्दु आधिकारी CM, रूपा गांगुली समेत दो डिप्टी सीएम होना लगभग तय
अमित शाह कोलकाता पहुंचे, सुवेन्दु अधिकारी के साथ कार में कालीघाट गए, विधायक दल की मीटिंग के बाद घोषित करेंगे सीएम का नाम
May 8, 2026, 16:01 IST
RNE Kolkata.
पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले ही यह लगभग तय माना जा रहा है कि सुवेंदु अधिकारी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। सूत्रों के मुताबिक राज्य में दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए जाएंगे, जिनमें अभिनेत्री और भाजपा नेता रूपा गांगुली का नाम लगभग तय माना जा रहा है। दूसरे डिप्टी CM के तौर पर दार्जिलिंग क्षेत्र से एक पुरुष विधायक को जिम्मेदारी दी जा सकती है।
जानकारी के अनुसार सुवेंदु अधिकारी के पास गृह मंत्रालय का प्रभार भी रहेगा। भाजपा विधायक दल की बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में कोलकाता में आयोजित होगी, जिसके बाद शाम 5 बजे नए मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के नामों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
कल शपथ ग्रहण :
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 9 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह सहित NDA के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
गौरतलब है कि सुवेंदु अधिकारी ने इस चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। वहीं नंदीग्राम सीट से भी उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम में हराया था।
भाजपा ने इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जिसके बाद राज्य में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है।
शाह-सुवेंदु केमिस्ट्री :
भाजपा विधायक दल की बैठक से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचे। एयरपोर्ट पर सुवेंदु अधिकारी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार में दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। भाजपा नेतृत्व ने शाह को विधायक दल का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
मोदी आएंगे, ट्रेफिक अलर्ट :
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुक्रवार को भाजपा के पहले मुख्यमंत्री का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और NDA शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होंगे। भाजपा इस आयोजन को बंगाल की राजनीति में “ऐतिहासिक बदलाव” के रूप में पेश कर रही है।
शपथ ग्रहण समारोह और प्रधानमंत्री मोदी के कोलकाता दौरे को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार शहर की कई प्रमुख सड़कों पर सुबह 4 बजे से शाम 4 बजे तक यातायात नियंत्रण और डायवर्जन लागू रहेगा।