बिहार चुनाव 2025 : इस चरण की सीटों में जो आगे रहेगा, वह रेस की पहली बाधा पार करेगा
RNE Network.
बिहार विधानसभा के चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए अब चुनाव प्रचार थम गया है। पहले चरण में 6 नवम्बर को मतदान होना है। राज्य की 243 सीटों में से 121 सीटों पर इस चरण में वोट पड़ेंगे।
इन 121 सीटों पर कल शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम गया। प्रचार थमने से पहले एनडीए व महागठबन्धन के नेताओं ने पूरी ताकत झोंकी। बड़े नेता भी अलग अलग स्थानों पर सक्रिय रहे। चुनाव का पारा अब बिहार में हाई है।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर एफआईआर:
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के खिलाफ कल पटना में चुनाव आयोग की तरफ से एफआईआर दर्ज कराई गई है। ललन सिंह पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप है। दरअसल ललन सिंह ने सोमवार को जदयू प्रत्याशी बाहुबली नेता अनंत सिंह के लिए प्रचार किया था।
इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उनका एक वीडियो सामने आया है। जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना गया है कि - यहाँ कुछ नेता है जिनको चुनाव के दिन निकलने मत दीजिएगा। घर में ही बंद कर दीजिएगा। हाथ पैर जोड़े तो कहिएगा हमारे साथ चलकर वोट दीजिए और घर में बैठिए।
आरजेडी ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि गरीबों को वोट डालने से रोका जा रहा है। जेडीयू ने इसे एडिटेड वीडियो बताया है।
मोदी को एनडीए की जीत लगती है:
पीएम नरेंद्र मोदी ने कल मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत महिला कार्यकर्ताओ से संवाद किया। मोदी ने कहा कि मैने इस चुनाव को बहुत करीब से देखा है। मैं कह सकता हूँ कि एनडीए जीत रही है।
तेजस्वी ने माई बहिन योजना बताई:
कल पटना में महागठबन्धन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनी तो 14 जनवरी को माई बहिन मान योजना के तहत महिलाओं के खाते में 30 हजार देंगे।
राहुल, प्रियंका भी सक्रिय रहे:
पहले चरण के लिए प्रचार थमने से पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार आदि भी उन सीटो पर सक्रिय रहे जिन पर महागठबन्धन की तरफ से कांग्रेस उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे है।
खेसारी की सीट पर नजरें:
छपरा सीट से आरजेडी की तरफ से भोजपुरी गायक खेसारीलाल चुनाव लड़ रहे है। भाजपा में जो भोजपुरी स्टार है वे उनके खिलाफ प्रचार के लिए आ रहे है, जा रहे है। पीएम मोदी भी यहां सभा कर चुके है। इस सीट पर खेसारी व भोजपुरी गायकों ने जबरदस्त चुनाव प्रचार किया है।
लालगंज पर भी नजरें टिकी है:
लालगंज सीट पर बाहुबली मुन्ना शुक्ला की पुत्री शिवानी शुक्ला चुनाव लड़ रही है। ये सीट हॉट सीट है। मुन्ना शुक्ला जेल में है। शिवानी का चुनाव प्रचार का अनूठा तरीका पूरे देश में वायरल है।