10th Result Date : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 10वीं व 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी होगा इस माह, बोर्ड चेयरमैन ने दी जानकारी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 10वीं व 12वीं के परीक्षा परिणाम को लेकर अपडेट आया है। जहां पर परीक्षाओं के परिणाम के बारे में बोर्ड चेयरमैन द्वारा अपडेट दिया गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सेकंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) फरवरी/मार्च-2026 परीक्षाएं समापन की ओर है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि 10वीं की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 2 अप्रैल से शुरू होगा।
अंकन का कार्य 22 जिलों में करवाया जा रहा है। प्रदेशभर में 10वीं के लिए 75 मुल्यांकन केंद्र बनाए हैं व 6969 अध्यापक नियुक्त किए गए हैं। मूल्यांकन का कार्य 24 अप्रैल तक करवाया जाएगा। 12वीं की पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 3 अप्रैल से शुरू होकर 28 अप्रैल तक करवाया जाएगा। प्रदेशभर में 12वीं के लिए 52 मूल्यांकन केंद्र बनाए हैं। मूल्यांकन कार्य 5009 प्राध्यापक करेंगे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि 12वीं कक्षा का परिणाम मई के दूसरे सप्ताह तक घोषित कर दिया जाएगा। 12वीं की परीक्षाएं 25 फरवरी से शरू हई थीं व 1 अप्रैल को संपन्न होने जा रही है। 10वीं की परीक्षाएं 26 फरवरी को शरू होकर 20 मार्च को समाप्त हो चुकी हैं। डीएलएड की परीक्षाओं के लिए भी 4 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
प्रथम दिन एक उप-परीक्षक/एकल-परीक्षक द्वारा 15 उत्तर पुस्तिकाएं जांच की जानी है। इसके पश्चात प्रतिदिन 30 उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की जानी है। उप-परीक्षकों द्वारा जांच की गई कुल उत्तर पुस्तिकाओं में से रेंडमली आधार पर 10% उत्तर पुस्तिकाओं की जांच मुख्य परीक्षक द्वारा की जानी हैं।
12वीं की परीक्षा में नकल के तीन मामले पकड़े गए
सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) पंजाबी एवं संस्कृत साहित्य वेद सिद्धान्त (आर्ष पद्धति गुरुकुल/परंपरागत संस्कृत विद्यापीठ) एवं सीनियर सेकेंडरी के रद्द हुए विभिन्न विषयों की पुनः परीक्षा नकल रहित संचालित हुई। कुछ परीक्षा केंद्रों पर अनुचित साधन प्रयोग के तीन मामले दर्ज किए तथा ड्यूटी में कोताही बरतने पर एक पर्यवेक्षक, एक लिपिक व एक सेवादार को कार्यभार मुक्त किया।