{"vars":{"id": "127470:4976"}}

New Recruits : सीएम नायब सैनी ने महिलाओं को दिया तोहफा, पुलिस में 550 नई भर्तियों को मंजूरी

पुलिस विभाग में इस समय 5750 पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इनमें 950 महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की जानी है।
 

हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने महिलाओं को तोहफा देते हुए पुलिस ने में नई भर्ती की मंजूरी दी है। हरियाणा पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या को 15 से बढ़ाकर 25 प्रतिशत तक करने की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा को लागू कर दिया गया है। पुलिस विभाग में इस समय 5750 पुलिसकर्मियों की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इनमें 950 महिला पुलिसकर्मियों की भर्ती की जानी है। हरियाणा सरकार ने पुलिस विभाग को 550 अतिरिक्त महिला कांस्टेबल की भर्ती की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. सुमिता मिश्रा ने सोमवार को पंचकूला में 'विकसित भारत सुरक्षा आयाम' विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय सुरक्षा सम्मेलन में यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सम्मेलन में भागीदारी करते हुए पुलिस अधिकारियों का हौसला बढ़ाया और कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराध पर नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों के मन में सुरक्षा, भरोसा और न्याय का विश्वास पैदा करना भी है।

गृह सचिव डा. सुमिता मिश्रा ने सम्मेलन में मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पिछले वर्ष आयोजित हुई डीजी आइजी कान्फ्रेंस में 108 सिफारिशें रखी गई थीं, जिनमें लगभग सभी को लागू कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का यह स्पष्ट विश्वास है कि विकास की गति तभी निरंतर हो सकती है, जब राज्य की कानून व्यवस्था मजबूत और निष्पक्ष हो।

निवेश, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास की हर बड़ी पहल की सफलता सीधे तौर पर पुलिस की दक्षता, ईमानदारी और पेशेवर क्षमता है। हरियाणा में चलाए गए आपरेशन हाटस्पाट डोमिनेशन और आपरेशन ट्रैकडाउन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके तहत 12 दिनों में दो हजार से अधिक अपराधी गिरफ्तार किए गए,

जबकि आपरेशन ट्रैकडाउन में 23 दिनों में सात हजार 587 अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। 168 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई। यह बड़ी उपलब्धि है। हरियाणा के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने तकनीक के महत्व पर कहा कि अपराध संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज के समय में तकनीक व सीसीटीवी आदि का इस्तेमाल कर बड़े मामलों को सुलझाने में मदद मिली है।