"अच्छी बारिश के बाद किसानों ने बोवनी शुरू की, सोयाबीन और मक्का की खेती पर जोर"
MP News: लगातार बारिश के बाद अब तहसील में किसानों ने बोवनी शुरू कर दी है। इसमें किसानों द्वारा इस बार मक्का व सोयाबीन ज्यादा लगाई जा रही है। नगर व आसपास के गांव मुकता, अजनोद, नागपुर, पंचोला, बालरिया, गावला सहित अन्य गांवों में अनुकूल बारिश के चलते किसानों ने शुभमुहूर्त में बोवनी शुरू कर दी है।
किसान महेश चौधरी चिमली और भरत पटेल अजनोद ने बताया कि इस बार भी सबसे ज्यादा बोवनी सोयाबीन और मक्का की हो रही है। इस फसल का रकबा इस साल ज्यादा रहेगा। कुछ किसान छोटे खेतों में मक्का भी बो रहे हैं। अधिकतर किसानों ने एक माह पहले ही खेत तैयार कर ट्रैक्टर से हकाई कर दी थी। अब बारिश होते ही सीड्रिल से
बोवनी शुरू कर दी है। मध्यम और सीमांत किसान भी ट्रैक्टर का सहारा ले रहे रहे हैं। गांव में लकड़ी के हाल बखर और बैलों से बुवाई लगभग बंद हो गई है। कारीगर शिवनारायण पांचाल सुथार ने बताया कि पहले बारिश से पहले सैकड़ो हाल और बखर बनते थे और सभी किसान इनका उपयोग भी करते थे।
लेकिन अब ट्रैक्टर युग में यह काम बंद हो गया है। बरसाती विक्रेता इमरान छिपा और अर्जुन सिंह दयाल ने बताया कि पहले हजारों फीट बरसाती का स्टॉक स्खते थे। आसपास के ग्रामीण कच्चे मकान की छत पर पानी से बचाव के लिए इसका उपयोग करते थे। अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान बन रहे हैं इससे बरसाती की बिक्री पर भी असर पड़ा है। इसका उपयोग केवल फसल ढंकने और रखने में कर रहे हैं।