{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bus Accident : छत्तीसगढ़ से वृंदावन की धार्मिक यात्रा पर निकले थे यात्री, मंडला में बस पलटी, 27 घायल, 11 गंभीर

 

RNE Jabalpur-Mandla. 

मध्य प्रदेश के मंडला जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से उत्तर प्रदेश के वृंदावन जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक यात्री बस राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 27 यात्री घायल हो गए, जिनमें 11 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना बीजाडांडी थाना क्षेत्र के ग्राम मोईयानाला के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई। बस में लगभग 52 यात्री सवार थे, जो धार्मिक यात्रा पर वृंदावन जा रहे थे। अचानक बस का संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण सहायता के लिए दौड़ पड़े।

ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के पहुंचने से पहले राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही बीजाडांडी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 11 गंभीर घायलों को जबलपुर रेफर कर दिया, जबकि अन्य का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है।

प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।