City Forest : चंडीगढ़ में 35 एकड़ जमीन पर बनेगा सिटी फॉरेस्ट, 12 महीने खिलते रहेंगे फूल
चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल के इंडस्ट्रियल एरिया और सुखना चो के पास रहने वाले लोगों को जल्द ही घूमने-फिरने के लिए एक नया और शानदार स्पॉट मिलने जा रहा है। कभी हजारों झुग्गियों से घिरी रहने वाली कॉलोनी नंबर-4 की करीब 35 एकड़ जमीन की सूरत अब पूरी तरह बदलने वाली है।
प्रशासन यहां शहर का दूसरा सिटी फॉरेस्ट तैयार कर रहा है, जो एन्वायर्नमेंटल कंजर्वेशन के साथ-साथ ईको टूरिज्म और नेचर एजुकेशन का एक बड़ा सेंटर बनेगा।बुधवार को प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद और अन्य आला अधिकारियों के साथ इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की रिव्यू मीटिंग की।
उन्होंने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर कोऑर्डिनेशन हो ताकि प्रोजेक्ट बिना किसी देरी के जल्द और बेहतर तरीके से पूरा हो सके। प्रशासक ने काम के दौरान पर्यावरण से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी दी है।
फॉरेस्ट डिपार्टमेंट को मिली इस 35 एकड़ जमीन पर बेहद प्लानिंग के साथ काम किया जा रहा है। यहां पौधों को इस तरह से रोपा गया है कि साल के हर महीने परिसर में फूल खिले नजर आएंगे।
कंस्ट्रक्शन में सिर्फ ईको-फ्रेंडली मटीरियल
इस पूरे प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहां केवल ईको-फ्रेंडली और सस्टेनेबल मटीरियल का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि जंगल के नेचुरल कैरेक्टर से कोई समझौता न हो और यहां का ईकोलॉजिकल सिस्टम भी डिस्टर्ब न हो।
75 वैरायटी के पौधे लगेंगे
पूरे एरिया को 75 अलग-अलग पौधों की वैरायटी के हिसाब से सेक्शन में बांटा गया है। इसके अलावा, यहां एक खूबसूरत बैंबू वैली भी विकसित की जा रही है।
इसलिए खास है यह लोकेशन
अगर भौगोलिक लिहाज से देखें तो चंडीगढ़ के एक हिस्से में सुखना लेक, बर्ड पार्क और रॉक गार्डन हैं। दूसरे हिस्से में धनास लेक और बोटेनिकल गार्डन हैं, जबकि तीसरी तरफ न्यू लेक और गार्डन ऑफ पाम जैसी जगहें मौजूद हैं।
लेकिन इंडस्ट्रियल एरिया और सुखना चो की तरफ अब तक ऐसा कोई बड़ा टूरिस्ट या नेचर स्पॉट नहीं था। यह नया सिटी फॉरेस्ट इस कमी को पूरा करेगा और हर एज ग्रुप के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
यह सब कुछ मिलेगा एक ही छत के नीचे
वॉटर बॉडीजः परिसर के भीतर तीन छोटी लेक्स का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
ट्रैक्स और रास्तेः साइकिल लवर्स के लिए साइक्लिंग ट्रैक, बैंबू कैनोपी वाले पैदल रास्ते और नेचर वॉकवे-ट्रेल्स बनाए जा रहे हैं।
एजुकेशन और अवेयरनेसः छात्रों और आम लोगों को वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन का इमर्सिव एक्सपीरियंस देने के लिए नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर और ओपन एयर थिएटर बनेगा।
सुकून और मनोरंजनः बर्ड वाचिंग एरिया, मेडिटेशन शेड, रेन शेल्टर और रात में आसमान के नजारे देखने के लिए स्टार गेजिंग ऑब्जर्वेशन डेक्स तैयार किए जा रहे हैं।