Kota Railway Station पर दिव्यांग ने संभाली व्हीलचेयर सेवा
RNE Kota.
कोटा रेलवे स्टेशन पर एक प्रेरणादायी पहल की शुरुआत हुई है। अब एक दिव्यांग व्यक्ति ही स्टेशन पर दिव्यांग यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने समाजसेवी संस्था लाल बहादुर शास्त्री शिक्षा समिति के साथ हुए एमओयू के तहत यह व्यवस्था लागू की है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि नामित दिव्यांगजन ने मंगलवार से प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित हेड टिकट कलेक्टर कार्यालय में अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। वह व्हीलचेयर उपलब्ध कराने और उससे जुड़ी पूरी व्यवस्था का संचालन करेंगे।
व्हीलचेयर लेने के लिए यात्री को अपना मूल पहचान पत्र हेड टिकट कलेक्टर कार्यालय में जमा कर निर्धारित रजिस्टर में नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा। उपयोग के बाद व्हीलचेयर वापस जमा करने पर पहचान पत्र लौटा दिया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार फिलहाल कोटा स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुल पांच व्हीलचेयर उपलब्ध हैं। इनमें से एक व्हीलचेयर प्लेटफॉर्म संख्या-4 स्थित टिकट बुकिंग कार्यालय पर भी रखी गई है। आवश्यकता पड़ने पर यात्री हेड टिकट कलेक्टर कार्यालय से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
रेल प्रशासन का कहना है कि यह पहल दिव्यांगजनों को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्टेशन पर आने वाले जरूरतमंद यात्रियों को अधिक संवेदनशील, सुगम और व्यवस्थित सेवा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।