{"vars":{"id": "127470:4976"}}

E-Buses : हिसार से अग्रोहा ई-बसें चलेंगी, 11 स्टेशनों से होकर गुजरेगी बस

हिसार से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है
 

हिसार से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। प्रदूषण मुक्त और वातानुकूलित सफर की सुविधा अब बस स्टैंड से अग्रोहा धाम तक मिलने जा रही है। रोडवेज विभाग ने दूसरे फेज में अग्रोहा रूट को फाइनल किया है।

मात्र 45 रुपए के किराए में यात्री अब हिसार बस स्टैंड से सीधे अग्रोहा मेडिकल तक का सफर तय कर सकेंगे। इस ई-बस में सिर्फ कैश या फुल पेमेंट ही आपका सफर पूरा कराएगी। पास मान्य नहीं हैं।

ई-बस डीआई केशव कुमार बताते हैं कि राजगढ़ रोड गंगवा में निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में यहां ई-बस चलाने में दिक्कत आ रही है। इसके चलते बस को फिलहाल गंगवा की बजाय आजाद नगर तक ही चलाने का फैसला लिया गया।

किराया: 1 से 5 किमी के लिए ₹10, आगे हर 3 किमी पर 5 रुपये

कंपनी और रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक, इस रूट का किराया बेहद पारदर्शी रखा गया है। शुरुआती 5 किलोमीटर के लिए यात्रियों को सिर्फ 10 रुपए देने होंगे। इसके बाद जैसे-जैसे दूरी 3 किलोमीटर बढ़ेगी, किराए में 5 रुपए जुड़ते चले जाएंगे।

बस स्टैंड से अग्रोहा का मुख्य किराया ₹45 तय है। बीच के बाकी स्टॉपेज की रिवाइज्ड सूची मंजूरी के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय भेजी गई है। अधिकारियों का कहना है कि शाम तक मुख्यालय से हरी झंडी मिलते ही स्टॉपेज-वाइज किराया भी सार्वजनिक कर दिया जाएगा।

बता दें कि अभी शहर में बस स्टैंड से आधार हॉस्पिटल तक और दूसरे रूट पर बस स्टैंड से गंगवा तक ई-बसें चलाई जा रही हैं। अभी पांच बसें हैं। नई और बसें आने की उम्मीद है।

इलेक्ट्रिक बस में सफर से पहले इन तीन बातों को जान लीजिए

1. ई-बस में कोई पास मान्य नहीं, हैप्पी कार्ड, बुजुर्ग पास, एनसीएमसी कार्ड, स्टूडेंट और दिव्यांग पास के जरिए इस बस में एंट्री नहीं मिलेगी।

2. स्टाफ को छूट नहीं, अमूमन रोडवेज बसों में फ्री सफर करने वाले रोडवेज कर्मचारियों और अन्य पुलिस-प्रशासनिक स्टाफ को भी इसमें पूरा टिकट कटाना होगा।

3. सामान्य बसों में 5 साल तक के बच्चों का सफर मुफ्त होता है, लेकिन ई-बस में 1 से 5 साल तक के बच्चे का आधा किराया लगेगा।

इन 11 स्टेशनों से होकर गुजरेगी ई बसें

यह बस शहर के मुख्य हिस्सों और सिरसा रोड के गांवों को जोड़ते हुए निकलेगी।

बस स्टैंड : सिविल हॉस्पिटल-सिरसा बाइपास - बगला मोड़, साउथ बाइपास मोड़, चौथा मिल-ढंदूर, दुर्जनपुर, चिकनवास, अग्रोहा मोड़, अग्रोहा धाम, अग्रोहा। मेडिकल (लास्ट स्टॉपेज)।