{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Electricity Bill Update : हरियाणा में बिजली बिल के नियम बदले, व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजने की व्यवस्था

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने उपभोक्ताओं की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजने की व्यवस्था को तेज कर दिया
 

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने उपभोक्ताओं की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजने की व्यवस्था को तेज कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को एसएमएस सूचना के साथ उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर बिल की विस्तृत पीडीएफ कॉपी व्हाट्सएप के जरिये उपलब्ध करवाई जाएगी। पीडीएफ कॉपी में रीडिंग, टैरिफ, कुल बिल, एफएसए या एरियर संबंधित सभी जानकारी होगी।

अभी एसएमएस पर जो बिल भेजा जा रहा है, उसमें सिर्फ बिल अमाउंट व अंतिम तिथि ही आती है। व्हाट्सएप पर पीडीएफ कॉपी मिलने से उपभोक्ता को अपने मीटर में रीडिंग मैच करना हो या कॉपी को संभाल कर रखना हो, इसमें आसानी मिलेगी।

डीएचबीवीएन द्वारा फरवरी और मार्च माह की बिलिंग से यह सुविधा आरंभ की है। डीएचबीवीएन के अनुसार 20.63 लाख उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप के माध्यम से बिल भेजे गए हैं। यह पहल बिलों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। व्हाट्सएप पर बिल भेजने से बिल न मिलने संबंधित शिकायतों मे कमी आएगी।

88139-99708 नंबर जारी, यहां करें शिकायत

जिन उपभोक्ता का मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है या व्हाट्सएप नंबर अपडेट करना है वे बिजली निगम के रिकॉर्ड में इसे अपडेट करवा सकते हैं। इसके लिए डीएचबीवीएन ने मोबाइल नंबर 88139-99708 भी जारी किया है। इसी नंबर पर उपभोक्ता व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी बिजली संबंधित शिकायत भी दर्ज करवा सकत हैं। जिससे समस्याओं का समाधान जल्द होगा व पारदर्शिता भी आएगी। वहीं उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप के जरिये विभाग तक अपनी शिकायत पहुंचाने में आसानी होगी।

उपभोक्ता अपना मोबाइल नंबर करवाएं अपडेट

बिजली निगम एमडी विक्रम सिंह ने बताया कि बिजली बिल व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने की सुविधा आरंभकी है। सभी उपभोक्ता अपना व्हाट्सएप नंबर अपडेट करवा सकते हैं, ताकि उनको बिल की पीडीएफ कॉपी भेजी जा सके। इसके साथ ही उपभोक्ता व्हाट्सएप नंबर के जरिए ही अपनी शिकायतें भी दर्ज करवा सकेंगे, इसके लिए नंबर जारी किया है।