{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Chandigarh-Bengaluru Flight : चंडीगढ़ एयरपोर्ट से बेंगलुरू के लिए रोजाना दो फ्लाइट भरेंगे उड़ान, किराया किया निर्धारित

 एयर इंडिया एक्सप्रेस 1 सितंबर से चंडीगढ़ से बेंगलुरू के बीच दो नई फ्लाइट शुरू करने जा रहा है
 

चंडीगढ़ एयरपोर्ट से अब बेंगलुरू के लिए सीधी फ्लाइट की सुविधा मिलेगी।  एयर इंडिया एक्सप्रेस 1 सितंबर से चंडीगढ़ से बेंगलुरू के बीच दो नई फ्लाइट शुरू करने जा रहा है। एयरलाइंस ने फ्लाइट का शुरुआती फेयर 4100 रुपए तय किया है। हालांकि यह उपलब्धता के अनुसार बढ़ सकता है।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने बेड़े में 116 विमानों को शामिल करते हुए बेंगलुरू को बेस बनाया है। इस फ्लाइट से हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ के यात्रियों को सीधा लाभ मिलने वाला है।

यात्री इन उड़ानों की बुकिंग एयर इंडिया एक्सप्रेस की वेबसाइट airindiaexpress.com पर करवा सकते हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने कहा, हम मेट्रो और उभरते शहरों के बीच संपर्क पर केंद्रित एक मजबूत नेटवर्क का निर्माण जारी रखे हुए हैं, जो बेहतरीन मूल्य और आराम प्रदान करता है।

हमारे मेहमानों को ताजा खाना, आरामदायक सीटों पर यात्रा का अनुभव कराना चाहते हैं। इस उड़ान से हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा। फिलहाल बेंगलुरू के लिए फ्लाइट लेने के लिए यात्रियों को दिल्ली जाना पड़ रहा था।

इसके कारण अब यात्रियों के समय की बचत होगी और घर के पास ही फ्लाइट की सुविधा मिल जाएगी। चंडीगढ़ से बेंगलुरू की फ्लाइट की काफी डिमांड थी और उसी को ध्यान में रखते हुए एयर इंडिया ने चंडीगढ़ से बेंगलुरू के लिए फ्लाइट की सुविधा को शुरू किया गया है। 

बेंगलुरू से चंडीगढ़ फ्लाइट टाइम टेबल 

बेंगलुरू एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट दोपहर 1:15 बजे उड़ान भरेगी और शाम 4:10 चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। दूसरी फ्लाइट बेंगलुरू एयरपोर्ट से रात 8 बजे उड़ान भरेगी और रात 10:55 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर यहां पहुंचेगी

चंडीगढ़ से बेंगलुरू फ्लाइट टाइम टेबल 

चंडीगढ़ एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट शाम 4.20 बजे उड़ान भरेगी और शाम 7:40 बजे बेंगलुरू एयरपोर्ट पर पहुंचेगी। इसी तरह दूसरी फ्लाइट चंडीगढ़ एयरपोर्ट से रात 11:25 बजे उड़ान भरेगी और रात 02: 25 पर बेंगलुरू एयरपोर्ट पहुंचेगी।