Roadways Chakka Jam : हरियाणा रोडवेज करेगा चक्का जाम, यूनियनों की तरफ से आज तैयार की जाएगी रणनीति
हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने चक्का जाम करने की रणनीति बनाई है। चक्का जाम होने से यात्रियों को परेशानी हो सकती है। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर आगामी 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
केंद्र व राज्य सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों और रोडवेज के निजीकरण के विरोध में 8 फरवरी को दोपहर 1 बजे रेवाड़ी रोडवेज वर्कशॉप के गेट पर मीटिंग बुलाई गई है। इस बैठक में यूनियन के पदाधिकारी 12 फरवरी को होने वाले चक्का जाम की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाएंगे, जिससे जिले की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकेगी।
यूनियन का मुख्य विरोध सरकार द्वारा लाए जा रहे 4 नए लेबर कोड और विभाग में निजी भागीदारी बढ़ाने की नीतियों को लेकर है। कर्मचारियों का मानना है कि, इन बदलावों से न केवल उनके लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित होंगे, बल्कि सरकारी परिवहन सेवा का अस्तित्त्व भी खतरे में पड़ सकेगा। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार, सरकार को कई बार चेताया जा चुका है, लेकिन मांगों पर सहमति न बनने के कारण अब हड़ताल का रास्ता चुनना पड़ रहा है।
प्रधान प्रवीण यादव ने बताया कि, कर्मचारियों में रोष है कि, रिक्त पदों को भरने के बजाय सरकार निजीकरण को बढ़ावा दे रही है, जिससे रोजगार के अवसर सीमित हो सकते हैं।
आज चक्का जाम की रूपरेखा तैयार करेंगे
यूनियन के प्रधान राजपाल यादव, प्रवीण यादव ने कहा कि सरकार की नीतियां मजदूरों के हितों पर प्रहार हैं। हम लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उदासीन है। इसलिए दोपहर 1 बजे वर्कशॉप की मीटिंग में 12 फरवरी की हड़ताल और चक्का जाम की रूपरेखा तैयार होगी। सरकार उससे पहले समाधान नहीं करेगी तो चक्का जाम करेंगे। फिलहाल, यात्रियों में संशय बना हुआ है, बसें चलेंगी या नहीं। हालांकि, मीटिंग के बाद ही आंदोलन की तीव्रता साफ हो सकेगी।