Hisar New Road : हिसार में बनेगा 20 मीटर चौड़ा नया रोड, दर्जनों गांव की शहर से घट जाएगी दूरी
हिसार में 20 मीटर चौड़ा नया रोड बनने का रास्ता साफ हो गया है। हिसार के तलवंडी राणा रोड का विवाद लगभग सुलझ गया है। चंडीगढ़ में मंत्री रणवीर गंगवा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में रोड निर्माण को लेकर फाइनल फैसला गया।
सीएम के वादे के बाद अब इस रोड निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। पीडब्ल्यूडी 3 अलग-अलग विभागों की जमीन लेकर सड़क बनाने की दिशा में काम शुरू करेगा। रोड बनने से तलवंडी राणा की बस स्टैंड से दो किमी दूरी घट जाएगी। दर्जनों गांवों को भी फायदा मिलेगा। वर्तमान में यह दूरी 12 किमी है।
अगर वैकल्पिक रोड की बात करें तो चंडीगढ़ हाइवे से शहर में आने वाले वाहन चालकों को सिरसा रोड से होकर आना पड़ता है। वहां से शहर की दूरी 21 किमी है। ऐसे में चंडीगढ़ रोड से हिसार की दूरी करीब 10 किमी घट जाएगी। एयरपोर्ट के साथ होते हुए यह रोड अब धान्सू रोड स्थित गैस प्लांट से लेकर राणा माइनर को पार करते हुए पुराने चंडीगढ़ रोड में मिल जाएगा।
रोड बचाओ संघर्ष समिति के इस सुझाव और एयरपोर्ट बाउंड्री लिंक वाले ऑप्शन नंबर 2 को कमेटी ने सबसे व्यावहारिक और सुगम माना, जिसके बाद मंत्री रणवीर गंगवा ने सहमति दे दी। हिसार से एडीसी उत्सव आनंद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। ओम प्रकाश कोहली, और रणधीर सिंह धीरू मौजूद रहे।
11 एकड़ जमीन होगी ट्रांसफर, वन जीएलएफ और प्राइवेट लैंड शामिल
इस नए एयरपोर्ट बाउंड्री लिंक रोड को तैयार करने के लिए वन विभाग, जीएलएफ और कुछ निजी जमीन की जरूरत पड़ेगी। प्रोजेक्ट के तहत 7 एकड़ जमीन वन विभाग की ली जाएगी। 2 एकड़ जमीन जीएलएफ से ली जाएगी और 2 एकड़ प्राइवेट लैंड यानी निजी भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
जल्द तैयार करें फाइल, ट्रांसफर हो जमीन
कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि इस स्वीकृत छोटे रोड की फाइल को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द तैयार किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि को तुरंत ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश भी जारी किए हैं।
शीघ्र की जाएगी कार्रवाई: एसीएस
बैठक में मौजूद लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह ने कैबिनेट मंत्री को भरोसा दिलाया कि इस मामले में विभाग की ओर से तत्काल आवश्यक कागजी व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सीएम के निर्देशानुसार सरकार हर हाल में वादा निभाएगी: गंगवा
सीएम ने हमारा 504 दिन का धरना उठवाते समय वादा किया था कि ग्रामीणों को रोड जरूर दिया जाएगा। अब बैठक में मंत्री गंगवा ने कहा सीएम के निर्देशानुसार सरकार वादा हर हाल में निभाएगी। रोड 20 मीटर चौड़ा रोड होगा। उन्होंने मीटिंग में ही एक रोड फाइनल कर दिया है और इसके संबंध में आगे की प्रक्रिया तेजी से चलाने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी कर दिए हैं।" -ओपी कोहली, अध्यक्ष, रोड बचाओ संघर्ष समिति।