{"vars":{"id": "127470:4976"}}

हनीमून पर जा रहे भारतीय मूल के दूल्हे की हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत, दुल्हन गंभीर

 

RNE Webworld. 

America के Georgia में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में भारतीय मूल के एक युवक की मौत हो गई। भारतीय मूल के 26 वर्षीय डेव फिजी की अपनी शादी के कुछ ही घंटों बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनकी नवविवाहिता पत्नी जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिस परिवार ने कुछ घंटे पहले बेटे की शादी का जश्न मनाया था, उसी परिवार को रात होते-होते उसकी मौत की खबर सुननी पड़ी। खुशी और उत्सव का माहौल अचानक चीखों और आंसुओं में बदल गया।

400 मेहमानों के सामने हुई थी शादी : 

दूल्हे डेव फिजी खुद डेल्टा एयर लाइंस में पायलट थे और उनका परिवार मूल रूप से केरल से जुड़ा है। उन्होंने शुक्रवार को अपनी लंबे समय की मित्र जेस्नी से विवाह किया था। दोनों की मुलाकात करीब दस साल पहले चर्च में हुई थी और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। जॉर्जिया के डॉसनविल स्थित विवाह स्थल पर लगभग 400 मेहमानों की मौजूदगी में शादी संपन्न हुई। परिवार और दोस्तों ने नवदंपति को नई जिंदगी की शुभकामनाओं के साथ विदा किया था।

हनीमून की उड़ान बनी आखिरी सफर : 

शादी के रिसेप्शन के बाद यह जोड़ा एक विशेष विदाई यात्रा के तहत रॉबिन्सन R66 हेलीकॉप्टर में सवार हुआ। योजना थी कि वे अटलांटा पहुंचकर अपनी हनीमून यात्रा की शुरुआत करेंगे। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद हेलीकॉप्टर जॉर्जिया के डॉसन काउंटी के जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर उड़ा रहे पायलट और दूल्हे डेव फिजी की मौत हो गई, जबकि दुल्हन जेस्नी कई घंटों तक मलबे में फंसी रहीं। बाद में राहत दल ने उन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।