भारत की अर्थव्यवस्था फिसलकर चौथे से छठे पायदान पर पहुंची, वित्त राज्य मंत्री ने संसद में दी इस बात की जानकारी
RNE Network.
भारत की अर्थव्यवस्था विश्व पटल पर चौथे स्थान से खिसककर छठे स्थान पर आ गयी है। वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मंगलवार को संसद में बताया कि वित्त वर्ष 2025 - 26 में भारत की नॉमिनल जीडीपी 3.92 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर दर्ज की गई है, जिससे यह दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गयी है।
राज्यसभा में एक लिखित जवाब में वित्त राज्य मंत्री ने बताया कि रैंकिंग अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की अप्रेल 2026 की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट पर आधारित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रैंकिंग मौजूदा अमेरिकन डॉलर विनिमय दरों पर मापी गयी नॉमिनल जीडीपी पर तय होती है।
ब्रिटेन और जापान निकले आगे:
सितम्बर 2022 में भारत ने नॉमिनल जीडीपी के मामले में ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का मुकाम हासिल किया था। 30 दिसम्बर 2025 को प्रकाशित सरकार की ईयर एंड इकोनॉमिक रिव्यू में बताया गया था कि भारत की जीडीपी लगभग 4.18 ट्रिलियन डॉलर के साथ जापान से आगे निकल गयी है और यह दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गयी है।
आईएमएफ की अप्रेल 2026 की हालिया भविष्यवाणी के अनुसार, अब वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जापान और ब्रिटेन वापस भारत से आगे निकल गए हैं, जिसके चलते भारत छठे पायदान पर आ गया है।