{"vars":{"id": "127470:4976"}}

New Maruti Plant : हरियाणा में मारुति सुजुकी की दूसरी यूनिट का हुआ शुभारंभ, 13 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार 

मारुति सुजुकी का नया प्लांट आईएमटी खरखौदा में शुरुआत हुई 
 

सोनीपत जिले में हर साल 5 लाख कार बनेंगी। आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड का सोमवार को दूसरी यूनिट का शुभारंभ हो गया। अब दूसरे फेज में भी सालाना 2.5 लाख कारों का निर्माण होगा। अगस्त 2022 में यहां प्लांट निर्माण शुरू हुआ था। पहला फेज तैयार होने के बाद यहां सालाना 2.5 लाख कारें बन रही थीं। कार निर्माण में देश में नंबर-1 हरियाणा अब कुछ साल तक एशिया में नंबर-1 हो जाएगा।

भारत और जापान के सहयोग वाली मारुति सुजुकी का एशिया का सबसे बड़ा कार उत्पादन संयंत्र सोनीपत के खरखौदा में लग चुका है। इससे पहले मानेसर और गुरुग्राम में दो प्लांट हैं। 2030 तक यह क्षमता 10 लाख तक पहुंचेगी। वर्तमान में कंपनी खरखौदा प्लांट में कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा और मिड-एसयूवी विक्टोरिस का निर्माण कर रही है।

देश में 26.5 लाख कार सालाना बनाने की क्षमता हुई

कंपनी की हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर और खरखौदा के साथ-साथ गुजरात के हंसलपुर स्थित प्लांटों को मिलाकर कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता अब 26.5 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। कंपनी के अनुसार, गुरुग्राम संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता 5 लाख यूनिट है, जबकि मानेसर संयंत्र की क्षमता 9 लाख यूनिट है।

हंसलपुर संयंत्र की क्षमता 7.5 लाख यूनिट है और खरखौदा संयंत्र की क्षमता अब 5 लाख यूनिट है। देश में जापान की 14,500 इकाइयों का निवेश है। इनमें से 28 फीसदी का निवेश हरियाणा में है। खरखौदा का प्लांट सुजुकी कंपनी के कार उत्पादन संयंत्रों में सबसे बड़ा होगा। इस प्लांट की जमीन के बदले में हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) को 2397 करोड़ रुपए दिए गए हैं।

दिल्ली के नजदीक होने के चलते सोनीपत से एक्सपोर्ट को बढ़ावा मिलेगा। ऑटोमोबाइल व अन्य सेक्टरों से जुड़े उद्योगों का हरियाणा में निवेश बढ़ेगा गुरुग्राम और नोएडा की तरह खरखौदा तेजी से विकसित होगा। केएमपी के साथ प्रस्तावित रेल कॉरिडोर, तीन नेशनल हाईवे से खरखौदा तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी

13 हजार से अधिक रोजगार पैदा होंगे

खरखौदा आईएमटी में मारुति सुजुकी ने करीब 900 एकड़ जमीन ली है। 800 एकड़ में कार, 100 एकड़ में दोपहिया बनेंगे। 18 हजार करोड़ रुपए का निवेश मारुति सुजुकी करेगी। मारुति व इससे संबद्ध इकाइयों से यहां 13 हजार रोजगार मिलेंगे। वहीं इस क्षेत्र में तेजी से जमीनों के भाव बढ़े हैं।