{"vars":{"id": "127470:4976"}}

New Stadium : हरियाणा के इस गांव में बनेगा नया स्टेडियम, 10 गांवों के खिलाड़ियों को होगा फायदा

विभाग ने भेजी फिजिबिलिटी रिपोर्ट, 90 लाख से बदलेगी खेलों की तस्वीर
 

हरियाणा सरकार द्वारा खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए नए स्टेडियम बनाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसी कड़ी में हांसी जिले के गांव राजथल गांव में जल्द नया खेल स्टेडियम बनेगा। इस पर करीब 90 लाख रुपए खर्च होंगे। खेल विभाग ने स्टेडियम निर्माण को लेकर तैयार की फिजिबिलिटी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा। स्टेडियम बनने से राजथल सहित आसपास के करीब 10 गांवों के 400 से अधिक खिलाड़ियों को सीधा लाभ मिलेगा।

ग्राम पंचायत राजथल ने इस परियोजना के लिए 6 एकड़ जमीन उपलब्ध करवाई है। लंबे समय से गांव और आसपास के क्षेत्र के खिलाड़ी खेल सुविधाओं की मांग कर रहे थे। स्टेडियम बनने से युवाओं को गांव में ही बेहतर अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधा मिल सकेगी।

कुश्ती, कबड्डी और वालीबॉल की होगी खास व्यवस्था

प्रस्तावित स्टेडियम में कुश्ती, कबड्डी और वॉलीबॉल के लिए अलग-अलग मैदान और सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा एथलेटिक्स, दौड़ ट्रैक और अन्य ग्रामीण खेलों के लिए भी स्थान चिह्नित किया जाएगा। लोगों का मांग है कि स्टेडियम को इस तरह विकसित किया जाए, ताकि यहां ब्लॉक और जिला स्तर की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकें।

गांव के खेल प्रेमियों और लोगों का मानना है कि स्टेडियम बनने से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी। खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी से जहां प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। वहीं युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रहेंगे। क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और संसाधनों की जरूरत थी।

फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करके मुख्यालय भेजी

खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम निर्माण को लेकर सभी तकनीकी पहलुओं का आंकलन कर फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गई है। इसमें जमीन की स्थिति, संभावित खर्च, खेल सुविधाएं और भविष्य की जरूरतों को शामिल किया है। रिपोर्ट को मुख्यालय भेज दिया गया है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।