{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Roadways Bus : फाग के दिन ग्रामीण रूटों पर नहीं चलेंगी बसें, लंबे रूट पर स्पेशल चलाने की तैयारी

होली के त्योहार को देखते हुए रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी कर ली है

 

होली के त्योहार को देखते हुए रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तैयारी कर ली है। रंगों के इस पर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए रोडवेज की ओर से स्पेशल बसें चलाई जाएंगी।

रोडवेज अधिकारियों ने बताया जिस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक मिलेगी, उसी रूट पर अतिरिक्त बसें संचालित की जाएगी ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न उठानी पड़े। फाग से एक दिन पहले सुबह से ही बस स्टैंडों पर भीड़ बढ़ने लगती है। खासतौर पर जिला मुख्यालय से ग्रामीण और लंबी दूरी के रूटों पर यात्रियों का दबाव ज्यादा रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर रिजर्व में रखी गई बसों को भी सेवा में लगाया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि फाग के दिन दोपहर के समय ग्रामीण रूटों पर बसों का संचालन बंद रखा जाएगा। इस दौरान चालक-परिचालक भी होली के पर्व में शामिल हो सकेंगे। हालांकि लंबी दूरी के रूटों पर बसों का संचालन जारी रहेगा ताकि दूसरे शहरों और जिलों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को असुविधा न हो। दोपहर बाद स्थिति सामान्य होने पर ग्रामीण रूटों पर भी बसों का संचालन फिर से शुरू किया जाएगा।

रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि बस स्टैंड इंचार्ज सहित अन्य लोगों को बस स्टैंडों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि हिसार डिपो में 259 बसें हैं। इन बसों का नियमित रूप से संचालन किया जाता है। फाग के दिन ग्रामीण रूटों पर शरारती तत्व पत्थर व अन्च चीजें फेंक देते हैं।

जिसकी वजह से बसों का नुक्सान हो जाता है। इसलिए रोडवेज प्रशासन की ओर से दोपहर के बाद ग्रामीण रूटों पर बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि यात्रियों की भीड़ देखते हुए रोडवेज की स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। दोपहर के बाद लोकल रूटों की बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।