Sohna Expresswa : सोहना एक्सप्रेसवे से होगी कापड़ीवास-भिवाड़ी मार्ग की कनेक्टिविटी, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी
केंद्रीय पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोमवार को कहा कि कापड़ीवास से भिवाड़ी होते हुए सोहना तक एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी परियोजना को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल गई है।
परियोजना का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने वाला है, जिससे भिवाड़ी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापार और उद्योगों को नई गति मिलेगी। यह कदम न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा बल्कि निवेश और रोजगार के अवसरों में भी इजाफा करेगा।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों को दिल्ली स्थित अपने आवास पर आमंत्रित किया और उन्हें लोकसभा की कार्रवाई का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया। इसके बाद मंत्री ने अपने कार्यालय में क्षेत्रीय औद्योगिक समस्याओं, विकास योजनाओं और निवेश को बढ़ावा देने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कापड़ीवास-भिवाड़ी मार्ग से सोहना एक्सप्रेस वे की कनेक्टिविटी होने से ट्रांसपोर्ट नेटवर्क मजबूत होगा। इस कनेक्टिविटी से भिवाड़ी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में उत्पादन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे से तैयार माल और कच्चा सामान तेजी से परिवहन किया जा सकेगा, जिससे कारोबार की लागत घटेगी और औद्योगिक इकाइयों की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों ने बैठक में खुशखेड़ा और टपूकड़ा इकाइयों के जिला उद्योग केंद्र में संभावित स्थानांतरण के मुद्दे को उठाया और अनुरोध किया कि यह इकाइयां जिला उद्योग केंद्र भिवाड़ी में ही बनी रहें। केंद्रीय मंत्री ने इस मुद्दे को राज्य सरकार के समक्ष उठाने और उचित समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधियों ने बैठक में भिवाड़ी जिला अस्पताल में 50 बेड का ट्रामा सेंटर और क्षेत्र में चल रही अन्य विकास योजनाओं के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी बल्कि औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए भी क्षेत्र को सुरक्षित और समर्थ बनाएगी।