Uttarakhand : खाई में गिरी बस, 07 की मौके पर मौत, रेस्क्यू जारी
RNE Network Almora.
अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण तहसील क्षेत्र के अंतर्गत विनायक के पास सैलापानी के पास एक बस के गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 7 यात्रियों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं 12 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण भेजा गया है। वहीं मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस द्वाराहाट से रामनगर की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 8 बजे सैलापानी के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही सात यात्रियों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन व राहत-बचाव दल मौके के लिए रवाना हुआ। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई। पुलिस टीम व रेस्क्यू टीम मौके पर है। वहीं इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। वहीं मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल सभी यात्रियों को त्वरित एवं समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री स्वयं इस पूरे प्रकरण की लगातार निगरानी कर रहे हैं और प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं।