तीर्थ यात्रा की लॉटरी निकली : बीकानेर के 1712 यात्री ट्रेन से, 205 हवाई मार्ग से करेंगे तीर्थ यात्रा
RNE Bikaner.
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत यात्रा करने वाले वरिष्ठ नागरिकों की लॉटरी गुरुवार को बीकानेर कलेक्ट्रेट में निकाली गई। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने कंप्यूटर पर क्लिक कर चयनितों की सूची जारी की।
08 हजार ने किया था आवेदन :
जिला कलेक्टर ने बताया कि देवस्थान विभाग द्वारा आयोजित होने वाली यात्रा के तहत लगभग आठ हजार यात्रियों के पांच हजार आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कुल 1712 यात्रियों का रेल तथा 205 यात्रियों का हवाई यात्रा के लिए चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि रेल मार्ग के 15 रूट और हवाई मार्ग का एक रूट निर्धारित किया गया है। यात्रा के लिए आवेदन इस वर्ष जुलाई-अगस्त में लिए गए थे। यात्रा सितंबर में प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि तीर्थ स्थानों की यात्रा पर आने वाला समूचा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
राजस्थान के 50 हजार यात्री रेल, 06 हजार हवाई जहाज से करेंगे यात्रा :
राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल मार्ग तथा 6 हजार नागरिकों को हवाई मार्ग द्वारा विभिन्न तीर्थ स्थानों की यात्रा करवाई जाएगी। हवाई जहाज यात्रा पशुपतिनाथ नेपाल के लिए करवाई जाएगी।
रेल मार्ग द्वारा यात्रा के ये 15 रूट :
- हरिद्वार-ऋषिकेश-अयोध्या-वारण सी तथा सारनाथ।
- सम्मेद शिखर-पावापुरी-वाराणसी तथा सारनाथ।
- मथुरा-वृंदावन-बरसाना-आगरा और अयोध्या।
- द्वारकापुरी-नागेश्वर और सोमनाथ।
- तिरुपति और पद्मावती।
- कामाख्या-गुवाहाटी।
- गंगासागर- कोलकाता।
- जगन्नाथपुरी-कोणार्क।
- रामेश्वरम-मदुरई।
- वैष्णो देवी-अमृतसर-बाघा बॉर्डर।
- गोवा के मंदिर और अन्य स्थल चर्च आदि।
- महाकालेश्वर-उज्जैन-ओंकारेश्वर-त्रयंबकेश्वर-घृष्णेश्वर और एलोरा।
- बिहार-शरीफ।
- पटना साहिब
- श्री हजूर साहिब नांदेड़ महाराष्ट्र।
बीकानेर में लॉटरी के दौरान दौरान देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी, निरीक्षक सोनिया रंगा, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के उपनिदेशक गौरव भाटिया, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़, डॉ. मुकेश जनागल सहित देवस्थान विभाग के गोपाल आचार्य, रीतेश श्रीमाली, अभिषेक आचार्य और कल्पिश शर्मा सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।