{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Bikaner Vande Bharat Train : बीकानेर से दिल्ली तक चलने वाली नई वंदेभारत ट्रेन का हरियाणा के इन स्टेशनों पर होगा ठहराव 

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने दिल्ली-बीकानेर के बीच वंदे भारत ट्रेन की मंजूरी के लिए रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से विशेष रूप से मुलाकात की थी

 

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने दिल्ली-बीकानेर के बीच वंदे भारत ट्रेन की मंजूरी के लिए रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से विशेष रूप से मुलाकात की थी। रेल मंत्रालय तरफ से 16 सितंबर को जारी पत्र के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस के बीकानेर-दिल्ली ट्रैक पर रतनगढ़ जंक्शन, चुरू जंक्शन, सादलपुर जंक्शन, लोहारू जंक्शन, महेंद्रगढ़ जंक्शन, रेवाड़ी, गुरुग्राम व दिल्ली कैंट ठहराव रहेगा।

ट्रेन सप्ताह में छह दिन (शुक्रवार को छोड़कर) चलाई जाएगी। इस ट्रेन के रखरखाव की जिम्मेदारी बीकानेर मंडल को सौंपी गई है जबकि वाटरिंग चुरू स्टेशन पर होगा। रेलवे के इस निर्णय से बीकानेर, हरियाणा और दिल्ली के बीच यात्रियों को तेज व आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। बीकानेर से दिल्ली कैंट के बीच संचालित होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 448 किलोमीटर की दूरी लगभग 6 घंटे में तय करेगी।

वर्तमान इस मार्ग पर संचालित गाड़ी संख्या 12458, बीकानेर-दिल्ली कैंट एक्सप्रेस रेल सेवा 7 घंटे से अधिक समय में तय करती है। रतनगढ़, चुरू, सादुलपुर, लोहारू, महेन्द्रगढ़ और गुरुग्राम स्टेशनों पर ठहराव होने से से इन क्षेत्र यात्रियों को सुगम व तीव्र रेल सफर की अनुभूति मिलेगी। बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से राजस्थान और हरियाणा के निवासियों को इस मार्ग पर तीव्र एवं सुगम रेल परिवहन उपलब्ध होगा। 

वंदे भारत में हैं 360 डिग्री तक घूमने वाली आरामदायक सीटें

वंदे भारत ट्रेन के बारे में उल्लेखनीय है यह ट्रेन मेक इन इंडिया पहल के तहत पूर्ण रूप से स्वदेशी तकनीक से डिजायन और निर्मित है। इसका आधुनिक डिजाइन 180 किलोमीटर प्रति घंटा तक की अधिकतम गति, आकर्षक एयरो-डाइनेमिक डिजाइन, आंतरिक साज-सज्जा, 360 डिग्री तक घूमने वाली आरामदायक सीटें, स्वचालित तकनीक युक्त दरवाजें,

हर सीट के लिए मोबाइल चार्जिंग सुविधा, बेहतर एयर कंडीशनर के कंट्रोल प्रणाली, सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, फायर कंट्रोल सिस्टम, आपातकालीन अलार्म पुश बटन और टॉक बैंक यूनिट्स, जीपीएस-आधारित सूचना प्रणाली, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं और बायो-वैक्यूम टायलेट्स जैसे अनेक फीचर्स यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं का अहसास करवाते हैं। इसके साथ ही संरक्षा के लिए कवच प्रणाली भी इसके मजबूत तकनीक पहलू का सशक्त प्रमाण है।

ये रहेगा वंदे भारत ट्रेन का समय

गाड़ी संख्या 26471 बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस बीकानेर से सुबह 05:40 बजे रवाना होगी। इसके बाद रतनगढ़ जंक्शन पर 07:13 बजे, चुरू जंक्शन पर 07:55, सादलपुर जंक्शन पर 08:40, लोहारू जंक्शन पर 09:18, महेंद्रगढ़ जंक्शन पर 09:48 बजे, गुरुग्राम जंक्शन पर 11:20 और दिल्ली कैंट जंक्शन पर 11:55 बजे पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है।

वहीं गाड़ी संख्या 26472 दिल्ली कैंट-बीकानेर वंदे भारत दिल्ली कैंट से दोपहर 16:45 बजे रवाना होकर रात 23:05 बजे बीकानेर पहुंचेगी। जो रास्ते में गुरुग्राम जंक्शन पर 17:02, रेवाड़ी जंक्शन पर 17:55, महेंद्रगढ़ जंक्शन पर 18:28, लोहारू जंक्शन पर 19:00, सादलपुर जंक्शन पर 19:50, चुरू जंक्शन पर 20:20 व रतनगढ़ जंक्शन 20:58 बजे पहुंचेंगी।