{"vars":{"id": "127470:4976"}}

New Rail Platform : अंबाजी-आबूरोड-तारंगा हिल परियोजना के लिए राजस्थान के इस शहर में बनेगा नया प्लेटफार्म  

अजमेर रेल मंडल में 22 स्टेशनों पर हाई-लेवल प्लेटफार्म निर्माण प्रस्तावित

 

आबूरोड रेलवे स्टेशन पर शीघ्र नए प्लेटफार्म का निर्माण होगा। 580 मीटर लंबे इस प्लेटफार्म से विशेषकर अंबाजी-आबूरोड-तारंगा हिल परियोजना के तहत स्थापित की जा रही नई रेललाइन पर यात्री ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। स्थानीय स्टेशन पर यह चौथा प्लेटफार्म होगा। पहले से मौजूद तीन प्लेटफार्म पर अप और डाउन साइड की यात्री ट्रेनें चलाई जा रही है। एक और प्लेटफार्म बनने पर ट्रेनों का संचालन और सुगम होगा। साथ में मौजूदा प्लेटफार्मों पर रहने वाली भीड़-भाड़ से बड़ी राहत मिलेगी।

छह नंबर लाइन हटवाई

स्थानीय स्टेशन पर रेलवे की अपनी छह और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरीडोर की दो रेल लाइनें हैं। नवीन प्लेटफार्म का निर्माण रेलवे की गति शक्ति यूनिट की ओर करवाया जाएगा। इसके लिए स्टेशन यार्ड में रेलवे की छह नंबर की लाइन और सीसी स्लीपरों को हटवा दिया है। अब जेसीबी से रेललाइन स्थल पर समतलीकरण करवाया जा रहा है। इस कार्य में यूनिट के अधिकारी और कर्मचारी जुटे हुए हैं। उनका प्रयास है कि निर्धारित समयावधि में प्लेटफार्म का निर्माण पूरा हो जाए।

मोरथला स्टेशन पर बनेंगे दो हाई-लेवल प्लेटफार्म

जानकारी के अनुसार अजमेर रेल मंडल में करीब 22 स्टेशनों पर मीडियम लेवल प्लेटफार्म को हाई-लेवल प्लेटफार्म बनाया जाएगा। आबूरोड रेल खंड में आबूरोड के अलावा सात रोड साइड स्टेशनों मावल, मोरथला, किवरली, भीमाना, बनास, सरोत्रा रोड और अमीरगढ़ स्टेशन पर हाई-लेवल प्लेटफार्म का निर्माण होगा। मोरथला स्टेशन पर ऐसे दो प्लेटफार्म बनेंगे।

भीमाना में बनेगी 32 करोड़ की गुड्स साइडिंग

आबूरोड से करीब 20 किलोमीटर दूर भीमाना स्टेशन पर अलग से गुड्स साइडिंग और हाई-लेवल प्लेटफार्म बनाया जाएगा। इससे यहां मालगाड़ियों से माल का लदान और ढुलाई का कार्य शुरू हो सकेगा। इससे आसपास के व्यापारियों और उद्यमियों को फायदा होगा। प्लेटफार्म के निर्माण पर करीब 32 करोड़ खर्च होंगे।

प्लेटफार्म विस्तार की संभावना

गति शक्ति यूनिट की ओर से जिन स्टेशनों पर मौजूदा प्लेटफार्म के विस्तार के लिए जगह होगी, वहां प्लेटफार्म की लंबाई 625 मीटर करने की संभावना है। ऐसा होने पर ऐसे स्टेशनों पर जरूरत पड़ने पर ज्यादा डिब्बों वाली यात्री ट्रेनों का ठहराव व यात्री ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाना संभव होगा।

इनका कहना

आबूरोड स्टेशन पर नया हाई-लेवल प्लेटफार्म बनाया जाएगा। भीमाना में गुड्स साइडिंग का निर्माण करवाया जाएगा। रोड स्टेशनों पर भी हाई-लेवल प्लेटफार्म बनेंगे।

मोहन यादव, सीनियर सैक्शन इंजीनियर, गति शक्ति यूनिट, अजमेर