New Special Train : यात्रियों को रेलवे ने दी राहत, कानपुर सेंट्रल से एलटीटी के बीच चलेगी नई स्पेशल ट्रेन
रेलवे विभाग ने एमपी के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे विभाग ने यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन का संचालन किया है। रेलवे ने यात्रियों की डिमांड पर कानपुर सेंट्रल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-कानपुर सेंट्रल तक स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल जारी किया है। यह ट्रेन साप्ताहिक होगी और इससे कानपुर सेंट्रल से लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक जाने वाले हजारों यात्रियों को सप्ताह में एक दिन स्पेशल ट्रेन की सुविधा मिलने वाली है।
यात्रियों की सुविधा एवं अतिरिक्त भीड़ के मद्देनज़र रेलवे द्वारा भोपाल मंडल के इटारसी होकर गाड़ी संख्या 04151/04152 कानपुर सेंट्रल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।
गाड़ी संख्या 04151 कानपुर सेंट्रल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट स्पेशल गाड़ी 30 जनवरी से 27 फरवरी तक प्रत्येक शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल से प्रस्थान करेगी। वापसी में 04152 लोकमान्य तिलक टर्मिनस कानपुर सेंट्रल सुपरफास्ट 31 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करेगी। रेलवे पीआरओ नवल अग्रवाल ने बताया कि स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को भीड़ भरे सफर में राहत मिलेगी।