{"vars":{"id": "127470:4976"}}

New Vande India Train : फिरोजपुर से दिल्ली तक चलेगी नई वंदे भारत ट्रेन, पंजाब, हरियाणा में इन जिलों में होगा ठहराव 

पंजाब के फिरोजपुर, बठिंडा, मानसा, हरियाणा के जींद, रोहतक क्षेत्र के लोग बहुत जल्द वंदे भारत ट्रेन से नई दिल्ली का सफर कर सकेंगे

 

पंजाब व हरियाणा के यात्रियों को नई वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। इस वंदे भारत ट्रेन का हरियाणा व पंजाब के नए जिलों को सफर करने का मौका मिलेगा। रेलवे विभाग ने पंजाब के फिरोजपुर, बठिंडा, मानसा, हरियाणा के जींद, रोहतक क्षेत्र के लोग बहुत जल्द वंदे भारत ट्रेन से नई दिल्ली का सफर कर सकेंगे। रेलवे ने फिरोजपुर से दिल्ली वाया बठिंडा वंदे भारत को सैद्धांतिक सहमति दे दी है। अब जल्द ही इसका शेड्यूल जारी होगा। माना जा रहा है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह से इस ट्रेन की शुरुआत होगी।

रेलवे अधिकारियों ने जेडआरयूसीसी के पूर्व सदस्य व भाजपा राष्ट्रीय कौंसिल सदस्य एडवोकेट मोहन लाल गर्ग को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। उक्त ट्रेन के चलने से पूरे मालवा क्षेत्र के व्यापारियों के साथ विद्यार्थियों को बड़ा लाभ होगा। अभी फिरोजपुर से नई दिल्ली का ट्रेन से सफर 7 से 9 घंटे में होता है। अब वंदे भारत से यह दूरी घटकर करीब 4.5 घंटे रह जाएगी। जबकि बठिंडा से महज 3.5 घंटे में ही यह सफर पूरा होगा।

मिली जानकारी के अनुसार, एडवोकेट मोहनलाल गर्ग ने अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व रेलवे मंत्रालय को पत्र लिखकर फिरोजपुर या श्रीगंगानगर से नई दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन चलाने और तख्त श्री दमदमा साहिब को वाया मौड़ मंडी से नई दिल्ली-बठिंडा रेल लिंक के साथ जोड़ने की मांग की थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने तब 6 सितंबर 2024 को एडवोकेट मोहन लाल गर्ग के पत्र को रेलवे को भेजा था। 

रेलवे ने अब इन प्रस्तावों की जांच करवाई तो वंदे भारत ट्रेन चलाने के सुझाव को उचित पाया गया है। उत्तर रेलवे फिरोजपुर के सीनियर डिवीजनल (आपरेशंस) मैनेजर ने एडवोकेट गर्ग तथा डीसीएम फिरोजपुर को पत्र जारी करके कहा है कि वंदे भारत ट्रेन चलाने के प्रस्ताव की समीक्षा में यह परिणाम निकला है कि नई दिल्ली से फिरोजपुर तक वाया बठिंडा वंदे भारत ट्रेन यहां चलाई जा सकती है। 

रेलवे ने ट्रेन चलाने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जल्द ही इसका रैक उपलब्ध होते ही शेड्यूल व किराया तय होगा। फिर इसकी बुकिंग भी ओपन कर दी जाएगी।

नई दिल्ली से होगा संचालन 

वंदे भारत अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ट्रेन है। ऐसे में इसका रखरखाव बड़ी परेशानी वाला है। इसलिए रेलवे ने तय किया है कि इसका रखरखाव दिल्ली में ही किया जाएगा। इसलिए इसे सुबह दिल्ली से जल्दी रवाना किया जाएगा। फिर शाम तक ये वापस दिल्ली पहुंचेगी, ताकि वहां इसके रखरखाव के लिए भी रेलवे को पर्याप्त समय मिल सके।

पंजाब व हरियाणा का यह प्रस्तावित रूट

फिरोजपुर-नई दिल्ली नई वंदे भारत ट्रेन चलाने के लिए रेलवे द्वारा प्लान तैयार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक इस ट्रेन के स्टॉपेज केवल दो से तीन रखे जाएंगे। फिरोजपुर से चलने के बाद ये ट्रेन बठिंडा में रुकेगी। इसके बाद हरियाणा में जींद-जाखल व रोहतक में ही इसका ठहराव होगा। फिर ये ट्रेन सीधे दिल्ली ही रुकेगी। रेलवे इस ट्रेन के लिए नए रूट भी तलाश रहा है।