Rail Connectivity : रेलवे ने हरियाणा, राजस्थान सहित चार राज्यों के लिए शुरू की स्पेशल ट्रेन सुविधा
चार राज्यों की स्पेशल रेलसेवा से लाभांवित होंगे हजारों यात्री
भिवानी से उत्तराखंड, राजस्थान व गुजरात राज्य में यात्रा करने वाले यात्रियों, पर्यटकों व व्यापारियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे द्वारा ग्रीष्मावकाश पर अतिरिक्त यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार-भाव नगर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा चलाई जा रही है।
उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान व गुजरात क्षेत्र के बीच संचालित होने वाली इस स्पेशल रेलसेवा के संचालन से हजारों यात्री लाभांवित होंगे। इस स्पेशल गाड़ी में 02 सेकेंड एसी, 06 थर्ड एसी, 08 द्वितीय शयनयान, 04 द्वितीय साधारण श्रेणी एवं 02 पावरकार डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे होंगे।
बता दें कि रेलवे की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भिवानी जंक्शन पर पुनर्विकास कार्य किए गए हैं और वर्तमान में भी भविष्य की यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्लानिंग की गई है। ऐसे में रेलवे की ओर से लंबी दूरी की रेलसेवाओं से ना केवल भिवानी जिला के यात्री बल्कि गर्मियों की छुट्टियों में विशेषकर उत्तराखंड, राजस्थान व गुजरात की ओर घूमने के इच्छुक पर्यटक भी लाभांवित होंगे। गौरतलब है कि भिवानी जंक्शन पर गाड़ी संख्या 09271, भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार स्पेशल 12 अप्रैल से निर्धारित शेड्यूल अनुसार चलेगी।
शेड्यूल जारी कर दिया है : अमित सुदर्शन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09271, भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 12 अप्रैल से 31 मई तक भावनगर टर्मिनस से प्रत्येक रविवार को 04:25 बजे रवाना होकर सोमवार को 15:00 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09272, हरिद्वार-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 13 अप्रैल से 01 जून तक हरिद्वार से प्रत्येक सोमवार को 16:25 बजे रवाना होकर मंगलवार को 04:35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी।
ब्लॉक के चलते मार्ग परिवर्तित रहेगी सेवा
बीकानेर मंडल के दुधवाखारा एवं सादुलपुर स्टेशनों के मध्य तकनीकी कार्य के लिए ब्लॉक के लिए उपरोक्त रेलसेवा मार्ग परिवर्तित रहेगी। गाड़ी संख्या 09271, भावनगर टर्मिनस-हरिद्वार स्पेशल 19 व 26 अप्रैल को भावनगर टर्मिनस से प्रस्थान करेगी वह परिवर्तित मार्ग वाया डेगाना, फुलेरा, रींगस, नारनौल, रेवाड़ी व भिवानी होकर संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह रेलसेवा मार्ग में मकराना, फुलेरा, रींगस, नीमकाथाना, नारनौल व रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।