Summer Special Trains : गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों की नहीं रहेगी कमी, रेलवे विभाग चलाएगा 18,262 समर स्पेशल ट्रेनें
गर्मियों की छुट्टियों में घूमने जाने वाले लोगों के लिए रेलवे विभाग की तरफ से बड़ी राहत दी है। इस बार गर्मियों की छुट्टियों में घूमने जाने वाले लोगों को ट्रेनों में भीड़ भाड़ से राहत मिलने वाली है, क्योंकि रेलवे विभाग की तरफ से मास्टर प्लान तैयार किया है। जहां पर रेलवे विभाग की तरफ से गर्मियों की छुट्टियों के दौरान देश के विभिन्न रेल रुटों पर कुल 18,262 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। पिछले साल की तुलना में यह संख्या काफी अधिक है, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रमुख रूटों पर पड़ने वाले अतिरिक्त बोझ को कम करना और यात्रियों को बिना किसी परेशानी के कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराना है।
स्पेशल ट्रेन चलने से सीट की वेटिंग होगी कम
गर्मियों की छुट्टियों के दौरान अक्सर अधिकतर लोग घूमने के लिए इधर से उधर जाते है। ऐसे में रेलवे विभाग द्वारा चलाई जाने वाली ट्रेनों में टिकट की वेटिंग लंबी हो जाती है। सबसे ज्यादा भीड़ भाड़दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल, राजस्थान जाने वाली ट्रेनों में देखने को मिलती है।
रेलवे के इस फैसले से खासकर इन रूटों पर यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। ये स्पेशल ट्रेनें न केवल लंबी दूरी के लिए होंगी, बल्कि महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों और धार्मिक केंद्रों को जोड़ने वाली पटरियों पर भी दौड़ेंगी। रेलवे का दावा है कि इन अतिरिक्त फेरों की मदद से लाखों यात्रियों को सफर के दौरान सीट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
समर स्पेशल ट्रेनों की कैसे बुक करें टिकट?
इन समर स्पेशल ट्रेनों के लिए टिकट बुकिंग की प्रक्रिया सामान्य ट्रेनों जैसी ही है। यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा, रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटरों (PRS) पर जाकर भी इन ट्रेनों की जानकारी ली जा सकती है और टिकट बुक किया जा सकता है। ध्यान रहे कि इन ट्रेनों की घोषणा और बुकिंग धीरे-धीरे चरणों में खोली जाती है, इसलिए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे रेलवे के 'नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम' (NTES) पर नजर रखें।
स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के इंतजाम
सिर्फ ट्रेनें ही नहीं, रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की सुविधा का खास ख्याल रखा जा रहा है। भीड़ को मैनेज करने के लिए अतिरिक्त फुट ओवरब्रिज, पर्याप्त रोशनी, पीने के पानी की व्यवस्था और पूछताछ काउंटरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को भी स्टेशनों पर तैनात किया गया है ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर और अन्य सुविधाएं भी दुरुस्त की जा रही हैं।