रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज से दो दिवसीय राजस्थान दौरे पर, कई नई रेल सुविधाओं का करेंगे शुभारंभ
RNE Network.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज शुक्रवार से प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश में कई नई रेल सेवाओं और रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। रेल मंत्री सबसे पहले जोधपुर पहुंचेंगे, जहां रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में वे 20 डिब्बों वाली जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।
यह ट्रेन पहले केवल आठ डिब्बों के साथ संचालित हो रही थी। इसके अलावा वे साबरमती-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक किए जाने का भी उद्घाटन करेंगे। वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जैसलमेर में लगभग 67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए कोच केयर कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ भी करेंगे। इसके बाद रेल मंत्री जालोर जाएंगे, जहां वे भुज-नई दिल्ली रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे।
इस नई ट्रेन सेवा से राज्य के कई शहर सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे। लंबे समय से इस रेल सेवा की मांग की जा रही थी, जिसके शुरू होने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। अपने दौरे के दौरान रेल मंत्री पाली भी जाएंगे, जहां वे भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। दौरे के दूसरे दिन शनिवार को मंत्री वैष्णव जयपुर में आयोजित रोजगार मेले में भाग लेंगे तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे।