Railway News : राजस्थान-मध्य प्रदेश के बीच यह नई ट्रेन मंजूर, Kota - Ujjain के बीच चलेगी MEMU Train
RNE Kota.
राजस्थान और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रेलवे बोर्ड ने कोटा-उज्जैन के बीच पहली सीधी MEMU (Mainline Electric Multiple Unit) ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से क्षेत्र के यात्रियों द्वारा की जा रही मांग अब पूरी होने जा रही है। इस नई सुविधा से धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार वर्तमान में संचालित गाड़ी संख्या 61624/61623 कोटा-चौमहला मेमू ट्रेन का विस्तार अब उज्जैन तक किया जाएगा। इससे कोटा, रामगंजमंडी, भवानीमंडी, चौमहला और नागदा क्षेत्र के यात्रियों को सीधे उज्जैन तक रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
महाकाल नगरी पहुंचना होगा आसान :
उज्जैन देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए राजस्थान से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। नई मेमू सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को सीधा और किफायती रेल विकल्प मिलेगा।
यह रहेगा ट्रेन का समय :
- गाड़ी संख्या 61624 सुबह 5:45 बजे कोटा से रवाना होगी।
- रामगंजमंडी, भवानीमंडी, शामगढ़, चौमहला और नागदा होते हुए दोपहर 12 बजे उज्जैन पहुंचेगी।
- वापसी में गाड़ी संख्या 61623 दोपहर 12:30 बजे उज्जैन से रवाना होगी।
- शाम 7 बजे कोटा पहुंचेगी।
नागदा जंक्शन पर बेहतर कनेक्टिविटी :
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन सुबह लगभग 10:30 बजे नागदा जंक्शन पहुंचेगी, जहां से यात्रियों को बीना सहित मध्य प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा। इससे इंटर-कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा।
यात्रियों की सुविधाओं पर नहीं पड़ेगा असर :
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस विस्तार से वर्तमान में संचालित सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। कोटा-चौमहला के बीच चलने वाली दूसरी मेमू ट्रेन (61616/61615) अपने निर्धारित नए समयानुसार नियमित रूप से संचालित होती रहेगी। रेलवे बोर्ड द्वारा मंजूरी मिलने के बाद अब यात्रियों को ट्रेन संचालन की तारीख की घोषणा का इंतजार है, जिसे जल्द जारी किए जाने की संभावना है।