{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Railway tickets : जयपुर से संचालित कई ट्रेनों में सफर करना मुश्किल, कंफर्म सीट का टोटा

आमतौर पर ऑफ सीजन में ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बेहतर रहती है, लेकिन इस बार हालात इसके उलट है। जयपुर से हावड़ा, लखनऊ, पटना, गुवाहाटी समेत कई शहरों के लिए संचालित ट्रेनों में इन दिनों कंफर्म सीटों की कमी बनी हुई है
 

आमतौर पर ऑफ सीजन में ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बेहतर रहती है, लेकिन इस बार हालात इसके उलट है। जयपुर से हावड़ा, लखनऊ, पटना, गुवाहाटी समेत कई शहरों के लिए संचालित ट्रेनों में इन दिनों कंफर्म सीटों की कमी बनी हुई है। जिन दिनों में टिकट आसानी से मिल जाते थे, उन्हीं दिनों में अब कई रूट पर सीटों का टोटा देखने को मिल रहा है।

सबसे ज्यादा दबाव स्लीपर क्लास पर है, जहां वेटिंग 100 से ऊपर जा रही है। एसी थर्ड और सेकंड कोच में भी टिकटों की मांग बढ़ने से वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है, जो सामान्य दिनों में कम रहती थी। इस बार मार्च की शुरुआत से ही गर्मी का असर तेज होने के कारण यात्रियों का रुझान एसी कोच की ओर ज्यादा बढ़ा है। खासकर बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में दबाव अधिक देखा जा रहा है। 

रेलवे का तर्क राहत पर फोकस

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बढ़ती मांग देखते हुए अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे है। कई स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए है। कुछ रूट पर नई स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

ऐन वक्त पर सफर करने वाले परेशान

इस स्थिति में सबसे ज्यादा दिक्कत उन यात्रियों को हो रही हैं, जिन्हें इमरजेंसी में यात्रा करनी पड़ रही है। अचानक टिकट बुक कराने वालों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है या फिर उन्हें महंगे तत्काल टिकट का सहारा लेना पड़ रहा है. जिसमें भी कंफर्म सीट मिलना आसान नहीं है।

ट्रेनों में इस कारण बढ़ी भीड़

जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इन दिनों रनवे मेंटेनेंस का काम चल रहा है। दोपहर में करीब चार घंटे तक फ्लाइट संचालन बंद रहता है और कई उड़ानों को री शेड्यूल किया गया है। ऐसे में तय समय पर गंतव्य तक पहुंचने वाले यात्री ट्रेनों को विकल्प के रूप में चुन रहे हैं, जिससे ट्रेनों में भीड़ और बढ़ गई है।

जयपुर से जाने वाली ट्रेनों में चार दिन की स्थिति

हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस में 21 से 25 मार्च तक स्लीपर और एसी सहित सभी श्रेणियों में नो रूम की स्थिति है। जयपुर-हावड़ा रूट की ट्रेनों में भी स्लीपर और एसी कोच फुल चल रहे हैं। पटना और गुवाहाटी जाने वाली ट्रेनों में स्लीपर में 130 से 140 तक वेटिंग और एसी में 50 से अधिक वेटिंग दर्ज की जा रही है। जम्मू जाने वाली पूजा एक्सप्रेस में भी विभिन्न श्रेणियों में नो रूम की स्थिति बनी हुई है।