{"vars":{"id": "127470:4976"}}

Railway rules changed : रेलवे ने आरक्षण चार्ट बनाने की समय सारणी को बदला, इस टाइम होगा तैयार 

आरक्षण चार्ट रात नौ बजे तक तैयार कर दिया जाएगा
 

रेलवे द्वारा व्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार बदलाव किए जा रहे है। रेलवे द्वारा बदले जा रहे नियमों को लेकर प्रतिदिन अपडेट आ रहा है और विभाग प्रतिदिन कोई न कोई नए नियम का सर्कुलर जारी कर रहा है। दो जुलाई को भी रेलवे विभाग ने नया सर्कुलर जारी करते हुए चार्ट बनाने के समय सारणी में ही बदलाव कर दिया है। यह समय सारणी ट्रेनों के आठ घंटे पहले तैयार होने वाले चार्ट के हिसाब से तैयार किया है। यात्रियों को बार-बार चार्ट के बारे में नहीं देना पड़े, इसलिए रेलवे द्वारा चार्ट बनाने का समय ही निर्धारित कर दिया है। 

रेलवे विभाग द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार सुबह से लेकर दोपहर तक खुलने वाली ट्रेनों के लिए आरक्षण चार्ट रात नौ बजे तक तैयार कर दिया जाएगा। यह चार्ट तैयार होने के बाद यात्रियों को पहले से अपनी सीट के आरक्षण की स्थिति की जानकारी मिलने में आसानी हो सकेगी। रेलवे में यात्रियों की बर्थ कन्फर्मेशन की जानकारी के लिए दो बार चार्ट बनाने का प्रविधान है।

आपको बता दे कि रेलवे द्वारा पहला चार्ट ट्रेन चलने के चार घंटे पहले बनता था। दूसरा चार्ट ट्रेन रवाना होने के लगभग 30 मिनट से 60 मिनट पहले बनाया जाता था। रेलवे ने सिर्फ पहला चार्ट बनाने के समय में बदलाव किया है। 

नए नियम के अनुसार सुबह पांच बजे से दोपहर दो बजे तक चलने वाली ट्रेनों के लिए पहला रिजर्वेशन चार्ट अब एक दिन पहले रात नौ बजे तैयार किया जाएगा। दोपहर दो बजे से रात 12 बजे के बीच और रात 12 बजे से सुबह पांच बजे के बीच खुलने वाली ट्रेनों का पहला आरक्षण चार्ट ट्रेन खुलने से आठ घंटे पहले बनाया जाएगा।

दूसरा आरक्षण चार्ट बनाने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह पहले की तरह ही ट्रेन खुलने के 30 से 60 मिनट पहले बनता रहेगा। नया नियम दूरस्थ स्टेशनों पर भी लागू होगा। रेलवे का कहना है कि परिवर्तित नियमों से यात्रियों को टिकट कन्फर्म होने या सीट उपलब्ध होने की जानकारी समय रहते मिल सकेगी। इससे उन्हें अन्य विकल्पों पर विचार करने का भी मौका मिल सकेगा।