special toy train : कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर चलेगी हॉलीडे स्पेशल टॉय ट्रेन
मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के बीच पहाड़ों की ओर रुख कर रहे सैलानियों के लिए राहत भरी खबर है। खासकर शिमला जाने वालों की संख्या में इन दिनों तेजी आई है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 30 अप्रैल (वीरवार) से हॉलिडे स्पेशल टॉय ट्रेन (04503-04504) चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन पूरी तरह आरक्षित होगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक और सुव्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सकेगा।
कालका से शिमला तक का सफर अपने आप में अनोखा है। पहाड़ों के बीच चलती यह टॉय ट्रेन यात्रियों को प्राकृतिक सुंदरता के करीब ले जाती है। सफर के दौरान खिड़की से दिखने वाली हरी-भरी वादियां, गहरी घाटियां और देवदार के घने पेड़ यात्रियों को मंत्रमुग्ध कर देते हैं।
मुख्य स्टेशनों पर ठहराव
स्टेशन का नाम
धर्मपुर (डीएमपी)
बरोग (बीओएफ)
सोलन (एसओएल)
कंडाघाट (केडीजेड)
कनोह (केएएनओ)
शोगी (एसजीएस)
समर हिल (एसएचजेड)
समय-सारणी: दोपहर में रवानगी, देर रात वापसी
हॉलीडे स्पेशल ट्रेन कालका रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे चलेगी और शाम 6:20 बजे शिमला पहुंचेगी। शिमला से यह ट्रेन रात 8:20 बजे चलेगी और देर रात 1:10 बजे कालका पहुंचेगी। ट्रेन में कुल सात कोच होंगे।
121 साल पुराना है ऐतिहासिक ट्रैक
करीब 96 किलोमीटर लंबे इस ऐतिहासिक रेलमार्ग पर ट्रेन 100 से अधिक सुरंगों और 800 से ज्यादा पुलों से होकर गुजरती है। हर सुरंग में गूंजती ट्रेन की आवाज और बाहर निकलते ही खुलते दृश्य रोमांच को और बढ़ा देते हैं। विशेष रूप से बरोग सुरंग से गुजरना यात्रियों के लिए सबसे यादगार अनुभव माना जाता है। साल 1903 में शुरू हुआ कालका-शिमला रेलवे आज यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।
अपनी ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक खूबसूरती के कारण यह रेलमार्ग देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों के मौसम में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए इस विशेष ट्रेन की शुरुआत की गई है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके और वे सड़क मार्ग के बजाय इस अनोखे रेल सफर का आनंद ले सकें।