{"vars":{"id": "127470:4976"}}

New Special Train : पठानकोट कैंट से मुंबई के लिए चलेगी समर स्पेशल, अमृतसर-कोचुवेली ट्रेन में वेटिंग 150 पार

स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों के चलते लोगों की बाहर घूमने की होड़ लगी हुई है। इसके कारण देश के विभिन्न रुटों पर चलने वाली  ट्रेनों में न तो सीट मिल पा रही है और न ही भीड़ कम हो रही है
 

स्कूलों की गर्मी की छुट्टियों के चलते लोगों की बाहर घूमने की होड़ लगी हुई है। इसके कारण देश के विभिन्न रुटों पर चलने वाली  ट्रेनों में न तो सीट मिल पा रही है और न ही भीड़ कम हो रही है। कुछ ट्रेनों की विशेष श्रेणियों में रेलवे की ओर से टिकट बुकिंग तक बंद कर दी गई है।

ऐसे में यात्रियों के लिए समर स्पेशल ट्रेनें ही एकमात्र सहारा बन रही हैं। इसी कड़ी में उत्तर रेलवे ने वन-वे सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन चलाई है। ट्रेन संख्या 04602 जम्मूतवी से 7 जून की रात 12:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट और लुधियाना जंक्शन से होते हुए अम्बाला कैंट रेलवे स्टेशन पर सुबह 8:20 बजे पहुंचेगी।

इसके बाद ट्रेन सहारनपुर और शामली के रास्ते दिल्ली (सफदरजंग) जाएगी। आगे मथुरा, आगरा, भोपाल, इटारसी, नासिक और दादर सेंट्रल होते हुए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस अंतिम स्टॉपेन होगा। यदि ट्रेन में स्लीपर, थर्ड एसी और सेकंड एसी श्रेणी में टिकट की स्थिति देखें तो इनमें कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं।

स्लीपर में 12, थर्ड एसी में 18 और सेकेंड एसी में 9 की वेटिंग चल रही है। इसके अलावा रविवार यानी आज कैंट स्टेशन से मुंबई जाने वाली या मुंबई होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनल, पश्चिम अमृतसर-तिरुवनंतपुरम, सुपरफास्ट और गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में भी कोई कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। सीटें पूरी तरह फुल हो चुकी हैं।

अमृतसर- तिरुवनंतपुरम ट्रेन में वेटिंग 150 पार, सेकेंड एसी की तो बुकिंग ही बंद

अमृतसर-कोचुवेली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12484) एक साप्ताहिक ट्रेन है, जो अमृतसर जंक्शन को केरल के आईआरसीटीसी के अनुसार, तिरुवनंतपुरम स्थित कोचुवेली से जोड़ती है। यह ट्रेन रविवार सुबह 5:55 बजे अमृतसर से रवाना होती है और सुबह 10 बजे अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचती है।

ट्रेन 3,597 किलोमीटर की दूरी लगभग 54 घंटे 35 मिनट में तय करती है और मंगलवार दोपहर 12:30 बजे केरल पहुंचती है। ट्रेन में सामान्य वेटिंग लिस्ट 159 और थर्ड एसी में 140 वेटिंग चल रही है।

सेकेंड एसी फुल है और फर्स्ट एसी में 14 की वेटिंग चल रही है। रेलवे की यह ट्रेन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक सहित कुल 9 राज्यों से होते ही केरल राज्य में पहुंचती है।